देश - विदेशStateNews

राहुल-प्रियंका के बीच मतभेद का भाजपा का दावा: संबित पात्रा बोले- कांग्रेस में दो गुट बने, INDIA ब्लॉक की दोनों बैठकों में प्रियंका को नहीं मिला बोलने का मौका

दिल्ली। भाजपा ने कांग्रेस में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के बीच राजनीतिक मतभेद होने का दावा किया है।

भाजपा सांसद और प्रवक्ता संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने अपनी बहन प्रियंका को INDIA ब्लॉक के दो कार्यक्रमों में भाषण नहीं देने दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में अब दो गुट बन चुके हैं और राहुल को डर है कि प्रियंका को आगे बढ़ाने से उनकी अपनी राजनीतिक जगह कमजोर हो सकती है।

संबित पात्रा ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर कहा कि प्रियंका गांधी मॉक पार्लियामेंट और रामलीला मैदान में हुई रैली के दौरान नाखुश नजर आईं।

उन्होंने सवाल उठाया कि क्या गांधी परिवार के भीतर ही कोई राजनीतिक खेल चल रहा है? क्या राहुल गांधी को प्रियंका के एक बड़े नेता के रूप में उभरने का डर है? हालांकि, कांग्रेस की ओर से भाजपा के इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

दो कार्यक्रमों में मौजूद रहीं, लेकिन भाषण नहीं दिया

दरअसल, INDIA ब्लॉक ने शनिवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध जताने के लिए मॉक पार्लियामेंट आयोजित की थी। इसके बाद रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली बुलाई गई।

प्रियंका गांधी दोनों कार्यक्रमों में मौजूद रहीं, लेकिन उन्होंने भाषण नहीं दिया। रविवार को राहुल और प्रियंका खुली बस में सवार होकर रैली स्थल पहुंचे थे।

राहुल बोले- ज्ञानेश कुमार जेल जाएंगे

रामलीला मैदान में करीब चार घंटे चली रैली में राहुल गांधी ने कहा कि उनकी बात सच होगी और ज्ञानेश कुमार मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से हटेंगे और जेल जाएंगे।

रैली में सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, फारूक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती और सुप्रिया सुले समेत INDIA ब्लॉक के कई नेता शामिल हुए। कार्यक्रम में कुल 8 नेताओं ने भाषण दिया।

SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त के विरोध में पिछले 25 दिनों में विपक्ष सातवीं बार एकजुट हुआ है। इससे पहले 6 से 13 अक्टूबर के बीच छह बार प्रदर्शन किए गए थे।

Related Articles

Back to top button