ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायपुर के होटल में युवती की संदिग्ध मौत: कमरे में मिली लाश, युवक खून से लथपथ; चीखने की आवाज सुनकर पहुंचे कर्मचारी

रायपुर। राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र स्थित झूलेलाल चौक के पास एक होटल में युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बंसल पैराडाइज होटल के एक कमरे से युवती का शव बरामद किया गया, जबकि कमरे में मौजूद युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को होटल के कर्मचारियों को चौथी मंजिल स्थित कमरे से चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 3:30 से 3:45 बजे के बीच कमरे से तेज आवाजें आने लगीं। कर्मचारियों ने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब होटल कर्मचारियों ने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो युवक खून से लथपथ दिखाई दिया। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाया और अंदर प्रवेश किया।

पुलिस जांच में युवती की पहचान मोहला-मानपुर निवासी रिमन मंडावी के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के वाराणसी निवासी किशन कुमार भारद्वाज के रूप में की गई है। दोनों ने होटल में अपने पहचान पत्र जमा कर कमरा लिया था।

घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, युवती के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और कमरे से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने होटल के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को जांच के दायरे में लिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या या संदिग्ध मौत का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button