छत्तीसगढ़ में कारोबारियों के ठिकानों पर IT की रेड, 5 जिलों में 16 टीमों ने एक साथ शुरू की जांच

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई की है। रायपुर, रायगढ़, दुर्ग, बिलासपुर और जांजगीर-चांपा में एक साथ 16 टीमों ने अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई की वजह कर चोरी की सूचना बताई जा रही है।
सुबह करीब 5 बजे से शुरू हुई इस जांच में कारोबारी प्रतिष्ठानों, उद्योगों और संचालकों के घरों पर दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। अचानक हुई इस कार्रवाई से प्रदेश के कारोबारी और औद्योगिक जगत में हलचल मच गई है।
रायगढ़ में स्टील कंपनियां IT के रडार पर
रायगढ़ में आयकर विभाग की टीमें बर्बरीक कंपनी, सन स्टील और रायगढ़ इस्पात के दफ्तरों और संचालकों के आवास पर पहुंचीं।
रायगढ़ इस्पात के मालिक श्रवण अग्रवाल और कमल अग्रवाल के घरों के अलावा कंपनी के कार्यालय और उद्योग में भी जांच की जा रही है। इन ठिकानों पर अधिकारियों की टीमें एक साथ पहुंचीं और टैक्स से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल शुरू की।
रायपुर में PRA ग्रुप के कार्यालय पर दबिश
राजधानी रायपुर में भी आयकर विभाग की कार्रवाई कई इलाकों तक पहुंची है। तेलीबांधा रिंग रोड-1 स्थित PRA ग्रुप के कार्यालय में छापा मारा गया।
इसके अलावा चंदखुरी के बहनाकाड़ी गांव स्थित एक फैक्ट्री में भी अधिकारियों ने दबिश दी। रिंग रोड, शंकर नगर और खम्हारडीह इलाके में भी छापेमारी की जानकारी सामने आई है।
जांच के बाद सामने आएंगे तथ्य
आयकर विभाग की 16 टीमों ने पांच जिलों में एक साथ कार्रवाई की रणनीति के तहत अलग-अलग ठिकानों पर जांच शुरू की। फिलहाल विभाग की ओर से छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक विस्तृत जानकारी जारी नहीं की गई है। जांच में किन कारोबारियों के यहां क्या गड़बड़ी मिली है और कितनी कर चोरी का मामला सामने आया है, इसका खुलासा कार्रवाई पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।



