बिजली विभाग में 4.30 करोड़ का गबन, चार साल तक कंपनी की रकम बैंक में जमा नहीं कराता रहा कर्मचारी

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में विद्युत वितरण कंपनी में 4 करोड़ 30 लाख रुपए से ज्यादा के गबन का मामला सामने आया है। पिपरिया थाना पुलिस ने इस मामले में विभागीय कर्मचारी मनोज साहू को गिरफ्तार किया है।
आरोप है कि उसने करीब चार साल तक कंपनी की राशि बैंक खाते में जमा नहीं कराई और वित्तीय अनियमितता को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
दो विद्युत केंद्रों में हुआ करोड़ों का गबन
पुलिस के मुताबिक, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के रवेली और मरका केंद्रों में जांच के दौरान कुल 4 करोड़ 30 लाख 59 हजार 870 रुपए की वित्तीय गड़बड़ी सामने आई। इसमें रवेली केंद्र में 3 करोड़ 17 लाख 90 हजार 699 रुपए और मरका केंद्र में 1 करोड़ 12 लाख 69 हजार 171 रुपए का गबन पाया गया।
शिकायत के आधार पर पिपरिया थाने में धोखाधड़ी, कूटरचना और गबन समेत विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
2019 से 2023 के बीच की गड़बड़ी
जांच में सामने आया कि आरोपी मनोज साहू वर्ष 2019-20 से 2022-23 के बीच रवेली और मरका विद्युत वितरण केंद्र में पदस्थ था। इसी दौरान उसने कंपनी की राशि बैंक खाते में जमा नहीं कराई। पूछताछ में आरोपी ने गबन से जुड़े कृत्य स्वीकार किए, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस कर रही आगे की जांच
यह कार्रवाई कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन में की गई। थाना प्रभारी नितिन तिवारी और पिपरिया पुलिस की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। फिलहाल मामले की आगे जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस वित्तीय अनियमितता में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।





