StateNewsदेश - विदेश

बंगाल की खाड़ी में चक्रवात ‘अकवान’ का खतरा: 20 नवंबर को आंध्र तट से टकराएगा; छत्तीसगढ़ में 20-21 को बारिश का अलर्ट

दिल्ली। देश में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। एक ओर उत्तर भारत में सुबह के समय धुंध और ठंड बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात ‘अकवान’ ने पूर्वी और दक्षिणी राज्यों की चिंता बढ़ा दी है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, यह गंभीर चक्रवाती तूफान 20 नवंबर को दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश और यानम के तट से टकरा सकता है। इस दौरान 100 से 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और भारी बारिश की आशंका है। इसका असर छत्तीसगढ़ तक पहुंचने की संभावना है।

आंध्र-ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात के प्रभाव से आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में 18 नवंबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। 19 और 20 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और एक-दो जगहों पर अत्यंत भारी बारिश हो सकती है।

दक्षिणी ओडिशा में भी 18 नवंबर से बारिश शुरू होने और 19-20 नवंबर को इसका असर बढ़ने का अनुमान है। समुद्र में ऊंची लहरें उठने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

छत्तीसगढ़ में 20-21 नवंबर को बारिश के आसार

चक्रवात का असर छत्तीसगढ़ में भी दिखाई दे सकता है। IMD ने 20 और 21 नवंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है।

रायपुर में 18 नवंबर को मौसम मुख्यतः साफ रहने और अधिकतम तापमान 29 डिग्री व न्यूनतम 16 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। 20 नवंबर से बादल छाने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। इसके बाद तापमान में बदलाव हो सकता है।

उत्तर भारत में धुंध, दक्षिण में बारिश

दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के कुछ इलाकों में सुबह धुंध और हल्की ठंड का असर बना हुआ है। उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में घने कोहरे की चेतावनी है। बिहार में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है।

हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में फिलहाल मौसम शुष्क रहने के साथ सुबह-रात ठंड बढ़ने की संभावना है। दक्षिण भारत में तमिलनाडु के कई जिलों में चक्रवात के असर से भारी बारिश का अलर्ट है। तेलंगाना के पूर्वी हिस्सों में 20-21 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

Related Articles

Back to top button