StateNewsदेश - विदेशमनोरंजन

‘कॉल मी बे 2’: अनन्या पांडे के साथ श्रुति हासन की भी एंट्री

मुंबई। अनन्या पांडे की चर्चित वेब सीरीज ‘कॉल मी बे’ के दूसरे सीजन की रिलीज डेट सामने आ गई है। करीब दो साल बाद बेला चौधरी यानी बे एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करने लौट रही हैं।

प्राइम वीडियो ने 17 नवंबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर ऐलान किया कि सीरीज का दूसरा सीजन 17 दिसंबर 2026 को स्ट्रीम होगा। इस बार कहानी में अनन्या पांडे के साथ अभिनेत्री श्रुति हासन भी नजर आएंगी।

लव लाइफ और करियर में आएंगे नए मोड़

दूसरे सीजन में बे की जिंदगी पहले से ज्यादा दिलचस्प और उलझनों भरी होने वाली है। उसकी लव लाइफ में नए मोड़ आएंगे, वहीं पत्रकारिता के करियर में भी उसे कई चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। इस सफर में उसे अपने रिश्तों के साथ दोस्तों के बीच बने ‘सिस्टरहुड कोड’ को भी संभालना होगा।

सीरीज में श्रुति हासन के अलावा वीर दास, गुरफतेह पीरजादा, वरुण सूद, विहान समत, मुस्कान जाफरी, निहारिका लायरा दत्त, लिसा मिश्रा और मिनी माथुर भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

करण जौहर हैं निर्माता

सीरीज का निर्देशन कॉलिन डी’कुन्हा ने किया है। इसकी कहानी इशिता मोइत्रा ने लिखी है। करण जौहर, अदार पूनावाला और अपूर्व मेहता धर्माटिक एंटरटेनमेंट के बैनर तले इसके निर्माता हैं। करण जौहर के मुताबिक, पहले सीजन को मिले प्यार के बाद नई कहानी में हास्य, भावनाओं और दोस्ती के रिश्तों को आगे बढ़ाया गया है।

क्या थी पहले सीजन की कहानी?

पहले सीजन में बेला चौधरी दक्षिण दिल्ली के एक अमीर परिवार की लड़की थी। परिवार से अलग होने के बाद उसे मुंबई आकर अपने दम पर नई जिंदगी शुरू करनी पड़ती है। यहां वह पत्रकारिता की दुनिया में अपनी पहचान बनाने की कोशिश करती है। अनन्या की कॉमिक टाइमिंग और बे के बेबाक अंदाज को दर्शकों ने पसंद किया था। अब देखना होगा कि दूसरे सीजन में बे की जिंदगी कौन से नए रंग दिखाती है।

Related Articles

Back to top button