ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायगढ़ में भगवान सहस्रबाहु की भव्य प्रतिमा का अनावरण, मंत्रियों ने शिक्षा और सामाजिक एकता पर दिया जोर

रायगढ़। रायगढ़ के पंजरी प्लांट स्थित सहस्रबाहु चौक में प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भगवान राजराजेश्वर सहस्रबाहु की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया।

इस अवसर पर आयोजित सामाजिक सम्मेलन में दोनों मंत्रियों ने समाजजनों को शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा, सामाजिक एकता और युवाओं के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया।

बाबा प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में कलार समाज की ओर से दोनों मंत्रियों का लड्डुओं से तौलकर और पुष्पमालाओं से भव्य स्वागत किया गया।

सम्मेलन में समाज की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत, शिक्षा के विस्तार, प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और युवाओं तथा बेटियों के सशक्तिकरण जैसे विषयों पर चर्चा की गई।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि भगवान सहस्रबाहु की प्रतिमा की स्थापना केवल रायगढ़ के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के कलार समाज के लिए गौरव का विषय है।

उन्होंने कहा कि कलचुरी समाज का इतिहास बेहद समृद्ध रहा है और छत्तीसगढ़ को बसाने और विकसित करने में समाज के पूर्वजों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने नई पीढ़ी को अपने इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति उसकी नई पीढ़ी की सफलता से तय होती है। इसलिए बच्चों की शिक्षा और व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।

उन्होंने युवाओं से केवल नौकरी तक सीमित नहीं रहने, बल्कि कृषि, व्यापार, कला, संगीत और मीडिया जैसे क्षेत्रों में भी अपनी पहचान बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने बेटियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि उन्हें हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए अवसर और प्रोत्साहन मिलना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान कक्षा 10वीं और 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

वित्त मंत्री ने 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 25-25 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा भी की। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, समाज के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button