बस्तर की इमली, महुआ और आम को मिला राष्ट्रीय जैविक प्रमाणपत्र, 930 महिलाओं को होगा फायदा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पहली बार किसी महिला किसान उत्पादक कंपनी द्वारा संग्रहित वनोपजों को राष्ट्रीय जैविक प्रमाणपत्र मिला है। दंतेवाड़ा की मां दंतेश्वरी महिला किसान उत्पादक कंपनी लिमिटेड के इमली, महुआ और आम को भारत सरकार के राष्ट्रीय जैविक उत्पादन कार्यक्रम (NPOP) के तहत प्रमाणित किया गया है। इससे बस्तर के वनोपजों को देश के प्रीमियम जैविक बाजारों में जगह मिलने के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचने का रास्ता खुलेगा।
वन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ प्रमाणीकरण समिति (CGCERT) की इस पहल से कंपनी से जुड़ी 930 महिलाओं को फायदा होगा। इनमें अधिकांश जनजातीय समुदायों से हैं, जो परंपरागत रूप से वनोपजों का संग्रहण करती हैं। जैविक प्रमाणपत्र मिलने से उनके उत्पादों की पहचान बढ़ेगी और बेहतर कीमत मिलने की संभावनाएं मजबूत होंगी। आने वाले समय में कंपनी से जुड़ी महिलाओं की संख्या 2 हजार से अधिक होने की उम्मीद है।
नक्सल प्रभावित क्षेत्र में आजीविका को बढ़ावा
लंबे समय तक नक्सलवाद से प्रभावित रहे बस्तर में यह पहल महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में अहम मानी जा रही है। स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों को आजीविका से जोड़कर जनजातीय परिवारों की आय बढ़ाने का अवसर मिलेगा। जैविक प्रमाणीकरण से वनोपजों की गुणवत्ता और बाजार में विश्वसनीयता स्थापित करने में भी मदद मिलेगी।
प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख तथा CGCERT के अध्यक्ष अरुण कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी की गई। CGCERT के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनिमेष गोवर्धन ने महिलाओं को आवश्यक समन्वय और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया।
10 हजार किसानों तक विस्तार की तैयारी
वन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में इस पहल को बस्तर संभाग के करीब 10 हजार पीजीएस (PGS) से जुड़े किसानों और अन्य महिला किसान उत्पादक कंपनियों तक पहुंचाने की तैयारी है। इससे बस्तर को जैविक वनोपजों के प्रमुख उत्पादन और निर्यात केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिल सकती है। साथ ही हजारों जनजातीय परिवारों के लिए आय बढ़ाने के नए अवसर सृजित होंगे।





