StateNewsदेश - विदेश

बारिश बनी आफत: यूपी में 23 जिले बाढ़ की चपेट में, बिहार में 5 लाख लोग प्रभावित; हिमाचल में 266 मौतें

दिल्ली। देश के कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश से बाढ़ और जलभराव के हालात बने हुए हैं। उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में शामिल हैं। वहीं, हिमाचल प्रदेश में बारिश और बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में इस मानसून सीजन में अब तक 266 लोगों की मौत हो चुकी है।

यूपी में 23 जिलों में बाढ़ जैसे हालात

उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश के चलते गंगा-यमुना समेत कई नदियां उफान पर हैं। 23 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। वाराणसी और चित्रकूट सबसे ज्यादा प्रभावित बताए जा रहे हैं। अब तक 16 हजार से अधिक लोगों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से सुरक्षित निकाला जा चुका है। गोंडा में घाघरा नदी खतरे के निशान को पार कर गई है। कानपुर के कई गांवों में पांडव नदी का पानी घरों में घुस गया है।

बिहार में 5 लाख लोग प्रभावित

बिहार के 16 जिलों में बाढ़ से करीब 5 लाख लोग प्रभावित हैं। गंगा समेत 8 प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। पटना में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। शहर में पानी घुसने से रोकने के लिए पटना सुरक्षा दीवार के सभी 108 रास्ते बंद कर दिए गए हैं। कटिहार में बाढ़ के बीच बच्चे नाव से स्कूल पहुंच रहे हैं।

MP में नदियां उफान पर

मध्य प्रदेश में मंदाकिनी और नर्मदा खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। छतरपुर, सतना, मंडला और मैहर समेत कई जिलों में बाढ़ की स्थिति है। कुटनी और बरगी बांध से पानी छोड़ा जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे भारी बारिश की चेतावनी दी है।

हिमाचल में 266 मौतें

हिमाचल प्रदेश में मानसून के दौरान बारिश से जुड़ी घटनाओं में 266 लोगों की जान जा चुकी है। इनमें 158 मौतें सड़क हादसों, 18 लैंडस्लाइड, 13 डूबने और एक मौत फ्लैश फ्लड से हुई है। भारी बारिश से प्रदेश में अब तक 1,235 करोड़ रुपए की सरकारी और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।

Related Articles

Back to top button