StateNewsदेश - विदेश

CJP का संसद स्ट्रीट थाने तक मार्च, निशु आजाद के पिता पर हमले में कार्रवाई की मांग

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के को-कन्वेनर सौरव दास शुक्रवार को कार्यकर्ताओं के साथ पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन तक मार्च निकालेंगे। मार्च में CJP कार्यकर्ता निशु आजाद और उनके पिता संजय कुमार के लिए न्याय की मांग की जाएगी। आरोप है कि जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन के बाद संजय कुमार पर हमला किया गया था।

CJP का कहना है कि मामले में FIR दर्ज होने के बावजूद डेढ़ महीने से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। निशु का आरोप है कि हमले में उनके पिता के सिर पर गंभीर चोट आई थी और उन्हें कई टांके लगाने पड़े थे।

वायरल वीडियो में आरोपी के कबूलनामे का दावा

सोशल मीडिया पर वायरल पॉडकास्ट क्लिप में स्वतंत्र भारद्वाज नाम के व्यक्ति के कथित बयान सामने आए हैं। निशु आजाद का दावा है कि वीडियो में स्वतंत्र ने उनके पिता के सिर पर हमला करने की बात स्वीकार की है। इसके बाद निशु ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर दिल्ली पुलिस से कार्रवाई की मांग की और राहुल गांधी से मदद की अपील की।

हालांकि, दिल्ली पुलिस का कहना है कि 23 जून को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान हुई हाथापाई में संजय कुमार के सिर पर चोट लगी थी। पुलिस के मुताबिक RML अस्पताल के डॉक्टरों ने चोट को मामूली बताया था। संजय के बयान पर पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने सूरज कुमार और स्वतंत्र भारद्वाज को हिरासत में लेकर पूछताछ की और कानूनी नोटिस भी दिया।

राहुल गांधी ने निशु को समर्थन दिया

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए निशु को समर्थन दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि आवाज उठाने के कारण निशु को निशाना बनाया जा रहा है और गृह मंत्री अमित शाह से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई को लेकर सवाल किया। CJP का प्रदर्शन 20 जून से 25 जुलाई तक जंतर-मंतर पर चला था। इस दौरान संसद मार्च भी निकाला गया था।

Related Articles

Back to top button