एयरपोर्ट पर पार्किंग के दौरान खंभे से टकराया इंडिगो विमान: 200 यात्री और क्रू सुरक्षित, नोज का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त

श्रीनगर। श्रीनगर एयरपोर्ट पर शुक्रवार सुबह पार्किंग के दौरान इंडिगो का एक विमान खंभे से टकरा गया। हादसा करीब सुबह 9 बजे बे नंबर-6 पर विमान को पार्क करते समय हुआ। विमान नवी मुंबई से श्रीनगर पहुंचा था। इसमें करीब 200 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे। सभी को सुरक्षित विमान से उतार लिया गया। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना के बाद यात्रियों और क्रू मेंबर्स को मैनुअल एयरक्राफ्ट सीढ़ियों की मदद से विमान से बाहर निकाला गया। इसके बाद विमान की जांच की गई। टक्कर के कारण विमान की नोज यानी आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। सामने आई तस्वीरों में नोज का हिस्सा करीब एक फुट तक अंदर धंसा हुआ दिखाई दे रहा है।
VDGS सिस्टम के खंभे से हुई टक्कर
जिस खंभे से विमान टकराया, वह विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम (VDGS) का हिस्सा है। यह सिस्टम विमान को पार्किंग बे में निर्धारित सेंटरलाइन और सही जगह तक पहुंचाने में पायलट की मदद करता है।
हादसे के बाद घटना की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि विमान निर्धारित अलाइनमेंट से कैसे हटा और टक्कर की वास्तविक वजह क्या थी। फिलहाल श्रीनगर एयरपोर्ट का संचालन सामान्य है और अन्य उड़ानें निर्धारित समय के अनुसार संचालित हो रही हैं।
टक्कर की 5 संभावित वजहें
पार्किंग के दौरान विमान का सेंटरलाइन से हटना, VDGS के संकेत को सही तरह फॉलो नहीं कर पाना, पायलट की विजिबिलिटी प्रभावित होना, VDGS में तकनीकी खराबी या विमान की गति और ब्रेकिंग में मामूली गड़बड़ी हादसे की संभावित वजह हो सकती है। हालांकि, इनमें से किसी वजह की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा।





