SIR पर BJP का देशव्यापी अभियान, 24 पेज की फैक्टशीट से विपक्ष के आरोपों का देगी जवाब

दिल्ली। वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर जारी राजनीतिक घमासान के बीच भाजपा ने विपक्ष के आरोपों का जवाब देने के लिए देशव्यापी अभियान की तैयारी की है। पार्टी अगले सप्ताह से इस अभियान की शुरुआत कर सकती है। इसके तहत सांसद, विधायक और वरिष्ठ नेता बूथ स्तर तक जाकर लोगों को SIR से जुड़े तथ्यों की जानकारी देंगे। भाजपा ने इसके लिए 24 पन्नों की फैक्टशीट तैयार की है, जिसमें विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों के जवाब शामिल होंगे।
कांग्रेस समेत विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और SIR प्रक्रिया रद्द करने की मांग कर रहे हैं। विपक्ष का आरोप है कि इस प्रक्रिया के जरिए मतदाता सूची से विपक्ष समर्थक मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं। भाजपा अब जनसंपर्क अभियान के जरिए इन आरोपों का जवाब देने की रणनीति पर काम कर रही है।
बूथ स्तर तक पहुंचेंगे सांसद-विधायक
भाजपा की योजना है कि अभियान के दौरान सांसद, विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेता अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों से संपर्क करेंगे। 24 पन्नों की फैक्टशीट में मतदाता सूची से कथित तौर पर 13 करोड़ नाम हटाने, फॉर्म-6, उससे जुड़े घोषणा-पत्र और ECINET जैसे मुद्दों पर उठाए जा रहे सवालों के जवाब दिए जाएंगे।
पार्टी इस दस्तावेज के जरिए आम लोगों को SIR की प्रक्रिया और चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात समझाएगी। अभियान का उद्देश्य विपक्ष के आरोपों के बीच भाजपा का पक्ष जनता तक पहुंचाना है।
सोशल मीडिया और प्रेस कॉन्फ्रेंस से भी प्रचार
भाजपा जमीनी अभियान के साथ सोशल मीडिया और अन्य संचार माध्यमों का भी इस्तेमाल करेगी। पार्टी के वरिष्ठ नेता और मंत्री अलग-अलग स्थानों पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विपक्ष के आरोपों का जवाब देंगे। इसके साथ ही कांग्रेस के शासनकाल में चुनाव आयोग और दूसरी संस्थाओं के कथित दुरुपयोग से जुड़े मामलों को भी उठाया जाएगा।
असम में भी अभियान शुरू
असम में भाजपा ने INDIA ब्लॉक के खिलाफ जनजागरण जुलूस निकालना शुरू किया है। पार्टी का आरोप है कि कांग्रेस SIR का विरोध कर राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने की कोशिश कर रही है। भाजपा इस अभियान के जरिए लोगों के बीच अपनी बात रखने और विपक्ष के विरोध का जवाब देने की तैयारी में है।



