StateNewsदेश - विदेश

‘राहुल गांधी देश में आग लगाना चाहते हैं’: राजनाथ सिंह बोले- वोट चोरी का सबूत नहीं, राजनीतिक नौटंकी कर रहा विपक्ष

दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को रद्द करने की मांग को लेकर विपक्ष के प्रदर्शनों पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के पास वोट चोरी का कोई सबूत नहीं है, इसके बावजूद वे विरोध प्रदर्शन कर युवाओं को अराजकता की राजनीति में धकेलने की कोशिश कर रहे हैं। राजनाथ सिंह ने कहा कि विपक्ष का मकसद चुनाव सुधार नहीं, बल्कि देश में अस्थिरता पैदा कर सत्ता हासिल करना है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजनाथ सिंह ने आरोप लगाया कि विपक्ष के आंदोलन के जरिए बांग्लादेश की तर्ज पर सत्ता परिवर्तन की बात की जा रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकार बदलने का अधिकार जनता को है, लेकिन विपक्ष युवाओं की ऊर्जा का इस्तेमाल राष्ट्र निर्माण के बजाय राजनीतिक टकराव के लिए कर रहा है।

‘SIR या चुनाव सुधार नहीं, सत्ता हासिल करना मकसद’

रक्षा मंत्री ने कहा कि विपक्ष की ओर से ‘रिजीम चेंज’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे स्पष्ट है कि उसकी लड़ाई SIR या मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नहीं, बल्कि अराजकता पैदा कर सत्ता हासिल करने की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं।

राहुल गांधी को दी सलाह

राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी को सलाह दी कि लोकतंत्र की रक्षा के नाम पर टकराव की राजनीति करने के बजाय उन्हें जनमत का सम्मान करना चाहिए और अपनी राजनीतिक भूमिका पर आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के भविष्य के लिए टकराव के बजाय संवाद और राष्ट्र निर्माण का रास्ता अपनाना जरूरी है।

कांग्रेस पर लगाए तीन आरोप

राजनाथ सिंह ने कांग्रेस के इतिहास का जिक्र करते हुए 1975 में आपातकाल लागू करने, 1984 के सिख विरोधी दंगों और 1990 में अयोध्या में कारसेवकों पर गोली चलाए जाने की घटनाओं को लेकर पार्टी की आलोचना की। उन्होंने इन घटनाओं को कांग्रेस के तीन अक्षम्य अपराध बताया।

Related Articles

Back to top button