ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायगढ़ के कृष्ण को राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा पुरस्कार, बच्चों को जलने से बचाएगी उनकी इलेक्ट्रिक प्रेस

80 हजार नवाचार विचारों में शीर्ष 62 में जगह बनाई; केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने किया सम्मानित

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के छात्र कृष्ण अग्रवाल ने अपनी वैज्ञानिक सोच और अनूठे नवाचार से राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। जिंदल पब्लिक स्कूल के छात्र कृष्ण को नई दिल्ली में आयोजित 12वीं राष्ट्रीय स्तरीय प्रदर्शनी एवं परियोजना प्रतियोगिता (NLEPC-2026) में तीसरा पुरस्कार मिला है। केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने उन्हें सम्मानित किया।

कृष्ण ने बच्चों को गर्म इलेक्ट्रिक प्रेस से जलने की दुर्घटनाओं से बचाने के लिए ‘फ्लिप इलेक्ट्रिक आयरन फॉर चाइल्ड सेफ्टी’ मॉडल विकसित किया है। इस नवाचार में ऑटो-फ्लिप तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इसके तहत प्रेस को छोड़ने पर उसका गर्म हिस्सा ऊपर की ओर हो जाता है। मॉडल में 30 सेकंड में स्वत: बंद होने और चाइल्ड लॉक जैसी सुरक्षा सुविधाएं भी दी गई हैं। कम लागत में तैयार यह मॉडल घरेलू सुरक्षा के लिहाज से उपयोगी है।

80 हजार विचारों में शीर्ष 62 में जगह

कृष्ण के प्रोजेक्ट ने छत्तीसगढ़ से प्रस्तुत लगभग 80 हजार नवाचार विचारों के बीच अपनी जगह बनाई और शीर्ष 62 नवाचारों में चयनित हुआ। उनके प्रोजेक्ट को इंस्पायर मानक-2026 के संकलन में भी शामिल किया गया है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देना है।

शिक्षा मंत्री ने दी बधाई

स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कृष्ण अग्रवाल को बधाई देते हुए कहा कि यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता की अपार संभावनाएं हैं। कृष्ण का नवाचार इसका उदाहरण है।

मंत्री ने कृष्ण के अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यालय परिवार को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। कृष्ण की उपलब्धि दूसरे विद्यार्थियों को भी नई खोज और उपयोगी तकनीक विकसित करने के लिए प्रेरित करेगी।

Related Articles

Back to top button