ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सेवा सेतु से आसान हुई सरकारी प्रक्रिया, अजय कुमार के बेटे का कुछ दिनों में बना स्थायी जाति प्रमाण पत्र

व्हाट्सऐप पर मिली डिजिटल कॉपी, हार्ड कॉपी भी उपलब्ध; परिवार के अन्य सदस्यों के लिए भी प्रक्रिया हुई आसान

रायपुर। सरकारी दस्तावेज बनवाने के लिए अब लोगों को लंबे इंतजार और बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है। छत्तीसगढ़ में सेवा सेतु केंद्रों के माध्यम से प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया को आसान और सुविधाजनक बनाया जा रहा है। जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा तहसील अंतर्गत ग्राम सांकर निवासी अजय कुमार के बेटे का स्थायी जाति प्रमाण पत्र आवेदन के कुछ ही दिनों में बन गया। प्रमाण पत्र की डिजिटल कॉपी उनके मोबाइल पर व्हाट्सऐप के जरिए भेजी गई। इसके बाद हार्ड कॉपी भी उपलब्ध करा दी गई।

आवेदन के कुछ दिनों में मिला प्रमाण पत्र

अजय कुमार अपने बेटे का आय, निवास और जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अकलतरा तहसील कार्यालय स्थित सेवा सेतु केंद्र पहुंचे थे। यहां उन्होंने आवश्यक दस्तावेजों के लिए आवेदन किया। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनके बेटे का स्थायी जाति प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया।

प्रमाण पत्र की पीडीएफ प्रति सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से व्हाट्सऐप पर उपलब्ध कराई गई। डिजिटल कॉपी मिलने से उन्हें दस्तावेज प्राप्त करने में सुविधा हुई। साथ ही प्रमाण पत्र की हार्ड कॉपी भी जल्द मिल गई। इससे अनावश्यक इंतजार से राहत मिली।

परिवार के दूसरे सदस्यों को भी होगा फायदा

अजय कुमार ने बताया कि उनके बेटे का स्थायी जाति प्रमाण पत्र बनने से परिवार के अन्य सदस्यों के प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया भी आसान हुई है। उन्होंने सेवा सेतु केंद्र की सुविधा पर संतुष्टि जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

डिजिटल तकनीक से आसान हो रहीं सेवाएं

राज्य सरकार सेवा सेतु केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को आवश्यक शासकीय सेवाएं समयबद्ध और सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है। मोबाइल पर डिजिटल प्रमाण पत्र मिलने से दस्तावेज हासिल करने में सहूलियत होती है और समय की बचत होती है। अजय कुमार का अनुभव तकनीक आधारित सेवाओं से सरकारी प्रक्रियाओं को सरल बनाने की पहल का उदाहरण है।

Related Articles

Back to top button