ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायगढ़ पॉलिटेक्निक में छात्रों का आक्रोश, हॉस्टल की बदहाली और सुविधाओं को लेकर बड़ा आंदोलन

रायगढ़। रायगढ़ के शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में छात्रों ने मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के नेतृत्व में हुए इस आंदोलन के दौरान छात्रों ने हॉस्टल की खराब व्यवस्था, सुरक्षा की कमी और साफ-सफाई की समस्या को लेकर नाराजगी जताई।

छात्रों का आरोप है कि हॉस्टल में पीने के पानी, सफाई और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। टंकियों में गंदा पानी जमा होने, मच्छरों के बढ़ते प्रकोप और परिसर में फैली गंदगी से छात्र परेशान हैं। बारिश के दौरान खिड़कियों और दरवाजों में करंट आने की शिकायत भी छात्रों ने की है। उनका कहना है कि परिसर में घास बढ़ने के कारण जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बना रहता है।

आंदोलन के दौरान छात्रों ने आरोप लगाया कि उनकी आवाज दबाने के लिए हॉस्टल के कमरों में बाहर से ताले लगा दिए गए। छात्रों ने इसे गलत बताते हुए विरोध किया। वहीं, वीडियो बनाने को लेकर भी विवाद सामने आया।

छात्रों ने हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि बाहरी लोगों की आवाजाही और नशे की गतिविधियों से माहौल खराब हो रहा है। एक छात्र के साथ मारपीट की घटना का भी आरोप लगाया गया।

प्रभारी प्राचार्य बीके गुप्ता ने बताया कि भवन पुराना है और कर्मचारियों की कमी के कारण समस्याएं बनी हुई हैं। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद नायब तहसीलदार सौरभ स्वर्णकार की मौजूदगी में छात्रों और प्रबंधन के बीच चर्चा हुई।

इसके बाद प्राचार्य ने लिखित आश्वासन दिया कि साफ-सफाई, वाटर फिल्टर, बिजली व्यवस्था और मच्छर नियंत्रण जैसे कार्य जल्द शुरू किए जाएंगे। एबीवीपी ने चेतावनी दी है कि तय समय में मांगें पूरी नहीं हुईं तो दोबारा बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button