ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

लोक भवन से ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ की शुरुआत: राज्यपाल-सीएम ने दिलाई शपथ, PM मोदी बोले- युवा बनें बदलाव के वाहक

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर रविवार को राजधानी रायपुर के लोक भवन से राज्य स्तरीय ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ हुआ।

राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, छात्र-छात्राओं और विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से देशव्यापी अभियान का शुभारंभ करते हुए युवाओं से नशे से दूर रहकर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का सकारात्मक दिशा में उपयोग करेगा। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशामुक्त रहने के साथ परिवार और समाज को भी जागरूक करने की अपील की।

लोक भवन में प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। इसके बाद राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्ति की शपथ ली।

कार्यक्रम में युवाओं को नशीले पदार्थों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

यह अभियान 2 अगस्त 2026 से शुरू होकर 100 सप्ताह तक देशभर में चलेगा। इसके तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, एनएसएस, एनसीसी, माय भारत युवा संगठन और अन्य युवा संगठनों के सहयोग से जागरूकता रैलियां, शपथ कार्यक्रम, पोस्टर एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं, वाद-विवाद, निबंध लेखन, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, सोशल मीडिया अभियान और सामुदायिक संवाद जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, विधिक सलाहकार सत्यभामा अजय दुबे, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक कर जनभागीदारी के माध्यम से इसे जनआंदोलन बनाना है।

Related Articles

Back to top button