भूख हड़ताल से मिली बड़ी जीत, बिलाईगढ़ CMO का तबादला; व्यापारियों ने जताया आभार

बिलाईगढ़। बिलाईगढ़ नगर पंचायत में चल रहे जन आंदोलन के बीच व्यापारियों और स्थानीय लोगों की मांगों पर प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। नगर पंचायत के सीएमओ सुशील चौधरी का तबादला कर दिया गया है।
इसके साथ ही एसडीएम ने अन्य मांगों को पूरा करने का लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद भूख हड़ताल पर बैठे व्यापारियों और पूर्व विधायक चंद्रदेव राय ने आंदोलन समाप्त कर दिया।
व्यापारियों ने आरोप लगाया था कि नगर विकास से जुड़े कई मुद्दों को लेकर वे लगातार ज्ञापन सौंप रहे थे, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही थी।
उन्होंने सीएमओ की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए थे और कई समस्याओं के समाधान की मांग की थी।
मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज व्यापारियों और आम लोगों ने चक्का जाम और भूख हड़ताल का रास्ता अपनाया था। आंदोलनकारियों का कहना था कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो वे दुम्हनी मोड़ पर बड़ा चक्का जाम करने के लिए मजबूर होंगे।
प्रशासन के आश्वासन और सीएमओ के तबादले के बाद आंदोलन समाप्त कर दिया गया। व्यापारियों ने इस पूरे आंदोलन में सहयोग करने वाले मीडिया का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि मीडिया ने उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया, जिससे प्रशासन तक उनकी आवाज पहुंची और कार्रवाई संभव हो सकी।





