StateNewsकमर्शियलदेश - विदेश

शेयर बाजार में दमदार तेजी: सेंसेक्स 700 अंक उछलकर 77,500 के पार, निफ्टी 24,150 पर; IT और मेटल शेयरों में जोरदार खरीदारी

दिल्ली। घरेलू शेयर बाजार में शुक्रवार को जोरदार तेजी देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स करीब 700 अंक यानी 0.95% की बढ़त के साथ 77,500 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, एनएसई निफ्टी भी करीब 200 अंक (0.90%) चढ़कर 24,150 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। बाजार में सबसे ज्यादा खरीदारी आईटी और मेटल सेक्टर के शेयरों में देखने को मिली।

आईटी सेक्टर की इस तेजी की अगुवाई टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने की। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के बेहतर नतीजों के बाद कंपनी का शेयर 2% से अधिक उछल गया और करीब 2,090 रुपए पर कारोबार करने लगा। हालांकि, पिछले छह महीनों में टीसीएस का शेयर लगभग 30% और एक साल में करीब 40% तक गिर चुका है।

कंपनी ने पहली तिमाही में 13,349 करोड़ रुपए का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही के 12,760 करोड़ रुपए की तुलना में करीब 5% अधिक है। वहीं, ऑपरेशंस से होने वाला राजस्व भी 14% बढ़कर 72,275 करोड़ रुपए पहुंच गया। कंपनी के बोर्ड ने 12 रुपए प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड को भी मंजूरी दी है, जिसकी रिकॉर्ड डेट 15 जुलाई तय की गई है।

वैश्विक बाजारों से भी सकारात्मक संकेत मिले। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी 4.43%, जापान का निक्केई 1.77% और हांगकांग का हैंगसेंग 1.92% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। वहीं, गुरुवार को अमेरिकी बाजार भी मजबूती के साथ बंद हुए थे। डाउ जोंस 0.27%, नैस्डैक 1.30% और एसएंडपी 500 इंडेक्स 0.81% चढ़ा था।

विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने गुरुवार को 533 करोड़ रुपए के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 2,058 करोड़ रुपए की खरीदारी की। इससे पहले गुरुवार को सेंसेक्स 238 अंक की बढ़त के साथ 76,742 पर बंद हुआ था। शुरुआती कारोबार के रुझान से निवेशकों का भरोसा मजबूत होता दिख रहा है।

Related Articles

Back to top button