StateNewsखेलदेश - विदेश

फ्रांस लगातार तीसरी बार वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में,मोरक्को को 2-0 से हराया; एम्बाप्पे ने मेसी की बराबरी की

दिल्ली। फ्रांस ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में मोरक्को को 2-0 से हराकर लगातार तीसरी बार सेमीफाइनल में जगह बना ली है। 2018 और 2022 के बाद फ्रांसीसी टीम एक बार फिर अंतिम चार में पहुंची है। अब सेमीफाइनल में उसका मुकाबला स्पेन और बेल्जियम के बीच होने वाले दूसरे क्वार्टर फाइनल के विजेता से होगा।

लॉस एंजिल्स में खेले गए मुकाबले में फ्रांस ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। पहले हाफ में कप्तान किलियन एम्बाप्पे के पास पेनल्टी पर गोल करने का मौका था, लेकिन वह इसे भुना नहीं सके। हालांकि, दूसरे हाफ में उन्होंने शानदार वापसी की और 60वें मिनट में गोल दागकर फ्रांस को बढ़त दिला दी।

एम्बाप्पे के गोल के महज छह मिनट बाद उस्मान डेम्बेले ने दूसरा गोल कर मोरक्को की वापसी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इसके बाद फ्रांस ने मजबूत डिफेंस के दम पर मैच 2-0 से अपने नाम कर लिया।

इस गोल के साथ एम्बाप्पे ने टूर्नामेंट में अपने गोलों की संख्या 8 कर ली है। उन्होंने अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी की बराबरी कर ली है, जिनके नाम भी इस विश्व कप में 8 गोल हैं। हालांकि, 3 असिस्ट के दम पर एम्बाप्पे फिलहाल गोल्डन बूट की दौड़ में मेसी से आगे निकल गए हैं। मेसी के खाते में 8 गोल के साथ 1 असिस्ट दर्ज है।

सभी फीफा वर्ल्ड कप को मिलाकर एम्बाप्पे अब तक 20 गोल कर चुके हैं। इस सूची में उनसे आगे सिर्फ लियोनेल मेसी हैं, जिनके नाम 21 गोल दर्ज हैं। दूसरी ओर, मोरक्को की हार के साथ टूर्नामेंट में अफ्रीकी महाद्वीप की आखिरी उम्मीद भी खत्म हो गई। अब वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में यूरोप की दिग्गज टीमों के बीच खिताब की जंग और रोमांचक होने वाली है।

Related Articles

Back to top button