ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायपुर में देवकीनंदन की कथा के दौरान चेन स्नैचिंग: कलश यात्रा में 5 महिलाओं के गले से सोने की चेन पार, महिला गैंग पर शक

रायपुर। रायपुर में कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर की श्रीमद्भागवत कथा के दौरान निकाली गई कलश यात्रा में चोर गिरोह सक्रिय हो गया। 8 जुलाई को महामाया मंदिर से इंडोर स्टेडियम तक निकली भव्य यात्रा में भीड़ का फायदा उठाकर बदमाशों ने पांच महिला श्रद्धालुओं के गले से सोने की चेन पार कर दी। घटना के बाद सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित महिलाओं में संजय नगर निवासी ओमकुमारी वर्मा, अर्चना गुप्ता, सरस्वती अग्रवाल, लक्ष्मी यदु और बासन साहू शामिल हैं। सभी महिलाएं कलश यात्रा में श्रद्धा के साथ शामिल हुई थीं, लेकिन भीड़ में चोरों ने उन्हें निशाना बना लिया।

ओमकुमारी वर्मा ने बताया कि वह महाराज के स्वागत के दौरान मोबाइल से वीडियो बना रही थीं। इसी बीच उन्हें पीछे खड़ी किसी महिला के हाथ का स्पर्श गले के पास महसूस हुआ। उस समय उन्होंने इस पर ध्यान नहीं दिया। कुछ देर बाद जब उन्होंने मोबाइल से सेल्फी ली तो देखा कि गले में केवल तुलसी और रुद्राक्ष की माला बची है, जबकि सोने की चेन गायब थी।

पीड़िता के मुताबिक चोरी हुई चेन का वजन करीब 17.5 ग्राम था, जिसकी कीमत दो लाख रुपए से अधिक है। उन्होंने पहले पुरानी बस्ती थाने में शिकायत की, जहां से उन्हें सिटी कोतवाली भेजा गया। वहां पहुंचने पर पता चला कि उनसे पहले भी कई महिलाएं चेन चोरी की शिकायत दर्ज करा चुकी हैं।

महिलाओं ने आशंका जताई है कि वारदात के पीछे महिला चोरों का संगठित गिरोह सक्रिय था, जिसने भीड़ का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कलश यात्रा मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध लोगों की पहचान की जा रही है। साथ ही अन्य पीड़ितों से भी पूछताछ कर पूरे गिरोह तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button