ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 97% बोनी पूरी, किसानों को 12.07 लाख टन खाद और 4.58 लाख क्विंटल बीज बांटा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में खरीफ सीजन की खेती-किसानी अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। 25 अगस्त तक प्रदेश में 47.40 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी पूरी हो चुकी है, जो निर्धारित लक्ष्य का 97 प्रतिशत है। इस खरीफ सीजन में राज्य सरकार ने 48.69 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी का लक्ष्य रखा है। धान के साथ मक्का, कोदो-कुटकी, अरहर, मूंग, मूंगफली और रामतिल जैसी फसलों की भी बोनी की गई है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों को किसानों को मांग के अनुसार प्रमाणित खाद-बीज उपलब्ध कराने और सोसायटियों में पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। खाद-बीज वितरण में लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। कृषि मंत्री रामविचार नेताम के मार्गदर्शन में विभागीय अधिकारी इसकी लगातार निगरानी कर रहे हैं।

12.07 लाख टन खाद का वितरण

प्रदेश में खरीफ सीजन के लिए 15.55 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य रखा गया है। इसके मुकाबले सहकारी और निजी क्षेत्रों में 16.67 लाख मीट्रिक टन खाद का भंडारण किया जा चुका है। इसमें से अब तक 12.07 लाख मीट्रिक टन खाद किसानों को वितरित की जा चुकी है, जो लक्ष्य का 72 प्रतिशत है।

इसी तरह प्रमाणित बीज के लिए 4.95 लाख क्विंटल का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके मुकाबले 4.80 लाख क्विंटल बीज का भंडारण और 4.58 लाख क्विंटल का वितरण किया जा चुका है।

839.4 मिमी बारिश, किसानों को ऋण भी मिला

25 अगस्त तक प्रदेश में 839.4 मिमी औसत बारिश दर्ज की गई है। यह पिछले 10 वर्षों की इसी अवधि की औसत वर्षा 810.2 मिमी से 29.2 मिमी अधिक है। पिछले साल इसी अवधि में 821 मिमी बारिश हुई थी।

वहीं किसान क्रेडिट कार्ड के जरिए 24 अगस्त तक 7,778.76 करोड़ रुपए का अल्पकालीन कृषि ऋण वितरित किया गया है। इस साल 8,800 करोड़ रुपए ऋण वितरण का लक्ष्य रखा गया है। पिछले साल इसी अवधि में 6,449.95 करोड़ रुपए का ऋण बांटा गया था।

Related Articles

Back to top button