रक्षाबंधन से पहले रायपुर में ‘स्नेह की डोर’: जवानों की कलाइयों पर सजी राखी, शहीद की पत्नी ने CM साय को बांधा रक्षा सूत्र

रायपुर। रक्षाबंधन से पहले राजधानी रायपुर में ‘स्नेह की डोर’ कार्यक्रम के जरिए भाई-बहन के स्नेह और राष्ट्ररक्षा के संकल्प का भावुक संगम देखने को मिला। बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं, दिव्यांग बेटियों और महिला स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने सेना, पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों को राखी बांधी।
कार्यक्रम का सबसे भावुक पल तब आया, जब 2017 में नक्सली मुठभेड़ में शहीद हुए उपनिरीक्षक युगल किशोर वर्मा की पत्नी माधुरी वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की कलाई पर राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने शहीद जवान को नमन करते हुए कहा कि शहीद परिवारों के सम्मान और सुख-दुख में सरकार हमेशा उनके साथ खड़ी रहेगी।
कार्यक्रम में सीआईएसएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी, सीआरपीएफ, सेना और पुलिस के करीब 800 जवान शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जवानों का बलिदान देश कभी नहीं भूल सकता। नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों की सफलता से बस्तर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में शांति और विकास का रास्ता मजबूत हुआ है।
68 लाख बहनों को मिलेगी 631 करोड़ की राशि
मुख्यमंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त के रूप में रक्षाबंधन से पहले करीब 68 लाख महिलाओं के खातों में लगभग 631 करोड़ रुपए अंतरित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि योजना महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन और आत्मसम्मान का आधार बन रही है।
रायपुर को मिले 5 नए प्रोजेक्ट
कार्यक्रम में रायपुर जिले के पांच अभिनव प्रोजेक्ट- हरित पोषणम्, प्रोजेक्ट निरामय, तिरंगा शक्ति फेस्ट, प्रोजेक्ट अहिगुण्डिकः और रायपुर अनफिल्टर्ड लॉन्च किए गए। इनमें स्कूली बच्चों की स्वास्थ्य जांच, पोषण वाटिका, सामाजिक समरसता, पॉडकास्ट और वंचित समुदायों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने जैसे काम किए जाएंगे।





