देशभर में भीषण गर्मी का प्रकोप: 8 राज्यों में पारा 44°C पार, कई जगह लू का अलर्ट

दिल्ली। देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी ने अप्रैल के मध्य में ही अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है।
राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और दिल्ली समेत 8 से ज्यादा राज्यों में तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है।
सबसे ज्यादा गर्मी महाराष्ट्र के अकोला में दर्ज की गई, जहां पारा 44.2°C तक पहुंच गया। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के बांदा, आंध्र प्रदेश के अनंतपुर और छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में भी तापमान 43-44°C के आसपास रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, अचानक बढ़ी गर्मी की मुख्य वजह पश्चिमी विक्षोभ का कमजोर पड़ना है। इसके चलते उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में ठंडी हवाओं का असर कम हो गया है और तापमान तेजी से बढ़ रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह स्थिति 20 अप्रैल तक बनी रह सकती है, जिससे कई राज्यों में लू चलने की संभावना है।
गर्मी का असर जनजीवन पर भी साफ दिखाई दे रहा है। महाराष्ट्र के वर्धा जिले में भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूलों को बंद कर दिया गया है। वहीं मध्य प्रदेश के बुरहानपुर, हरदा और रतलाम में स्कूलों का समय बदल दिया गया है।
छत्तीसगढ़ में भी 16 से 19 अप्रैल के बीच बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर संभाग में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, देश के कुछ हिस्सों में मौसम का मिजाज अलग रहने वाला है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और बारिश का अनुमान है।
वहीं पूर्वोत्तर राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और सावधानी बरतने की सलाह दी है, क्योंकि आने वाले दिनों में गर्मी और ज्यादा बढ़ सकती है।





