नासिक TCS केस: पहली पीड़िता का सनसनीखेज बयान, नौकरी के बहाने दोस्ती से शुरू हुआ शोषण

नासिक। महाराष्ट्र के नासिक स्थित टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेस (TCS) बीपीओ कैंपस से जुड़े कथित यौन उत्पीड़न और धर्म परिवर्तन मामले में अब पहली पीड़िता का बयान सामने आया है, जिसने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसे नौकरी, शादी और विश्वास के नाम पर जाल में फंसाया गया। पीड़िता के अनुसार, उसकी मुलाकात जनवरी 2022 में आरोपी दानिश शेख से हुई थी।
दोनों एक ही कॉलेज से जुड़े होने के कारण जल्दी करीब आ गए। दानिश ने खुद को इंजीनियर बताते हुए उसे नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया, जिससे दोनों के बीच विश्वास बढ़ा। इसी दौरान उसने शादी का झांसा देकर संबंध बनाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।
पीड़िता ने बताया कि अगस्त 2024 में उसे घुमाने के बहाने होटल ले जाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए। इसके बाद आरोपी के साथी तोसिफ अख्तर ने भी इस बात का फायदा उठाकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और खुद भी संबंध बनाने का दबाव डालने लगा। मना करने पर निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी दी गई।
पीड़िता का आरोप है कि दोनों आरोपी लगातार उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाते रहे। वे उसके धर्म को लेकर आपत्तिजनक बातें करते और इस्लाम अपनाने के लिए मजबूर करते थे। ऑफिस में भी उसके साथ छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार किया जाता रहा।
मामले में बड़ा खुलासा तब हुआ, जब फरवरी 2026 में एक महिला ने पीड़िता से संपर्क कर खुद को दानिश की पत्नी बताया। इससे पीड़िता को पता चला कि उसे शादी के नाम पर धोखा दिया गया।
पीड़िता का कहना है कि वह लंबे समय तक मानसिक और भावनात्मक उत्पीड़न झेलती रही। फिलहाल मामले की जांच जारी है और इस खुलासे के बाद पूरे प्रकरण ने तूल पकड़ लिया है।





