नगरीय निकायों की मैराथन समीक्षा का दूसरा दिन: अवैध प्लाटिंग-अतिक्रमण पर सख्ती के निर्देश, 31 मई तक करारोपण पूरा करने का लक्ष्य

रायपुर। रायपुर में नगरीय निकायों के कार्यों की मैराथन समीक्षा का सिलसिला दूसरे दिन भी जारी रहा। सिविल लाइन स्थित सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने प्रदेशभर की नगर पंचायतों के कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने बेतरतीब निर्माण, अवैध प्लाटिंग और अतिक्रमण पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए और स्पष्ट कहा कि लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उप मुख्यमंत्री ने सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारियों (CMO) को नई सोच और कार्य पद्धति के साथ शहरों के विकास के लिए काम करने को कहा। उन्होंने नगर पंचायतों की व्यवस्थाओं में कसावट लाने, जवाबदेही तय करने और काम में कोताही बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। साथ ही निर्देश दिए कि शहरों को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाते हुए नागरिकों के लिए बेहतर जन सुविधाएं विकसित की जाएं।
बैठक में राजस्व बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। श्री साव ने 31 मई तक नई संपत्तियों पर करारोपण का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही संपत्ति कर, जल कर और यूजर चार्ज की वसूली में सख्ती बरतने को कहा। उन्होंने एनर्जी ऑडिट कर अनावश्यक बिजली कनेक्शन हटाने और सभी कर्मचारियों का वेतन व बिजली बिल समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
जल संरक्षण और साफ-सफाई को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने सभी भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग अनिवार्य करने, 31 मई तक नालों-नालियों की सफाई पूरी करने और बारिश में जलभराव रोकने के इंतजाम करने को कहा। सीएमओ को मुख्यालय में रहकर रोजाना सुबह शहर का निरीक्षण करने और जनप्रतिनिधियों को साथ लेकर मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा पेयजल आपूर्ति, पीएम आवास योजना, अमृत मिशन, स्वच्छ भारत मिशन समेत विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। उप मुख्यमंत्री ने 1 मई से शुरू होने वाले सुशासन तिहार की तैयारियां भी समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।





