StateNewsदेश - विदेश

कांग्रेस विधायक से हाथापाई: राम्या हरिदास का हाथ मरोड़ा, 7 कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर केस

वॉट्सएप पोस्ट को लेकर शुरू हुआ विवाद; विधायक ने धमकी और साजिश का लगाया आरोप, पार्टी नेता ने भी दर्ज कराई शिकायत

तिरुवनंतपुरम। केरल के तिरुवनंतपुरम जिले के चिरयिनकीझु में शुक्रवार रात कांग्रेस विधायक राम्या हरिदास और स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच विवाद के बाद हाथापाई हो गई।

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग विधायक के साथ हाथापाई करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में एक व्यक्ति विधायक का हाथ पीछे की ओर मरोड़ता नजर आता है। विधायक हाथ छोड़ने के लिए कहती हैं और सामने मौजूद व्यक्ति से उसकी पहचान पूछती हैं।

घटना के बाद राम्या हरिदास को चिरयिनकीझु तालुक अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया। उनकी शिकायत पर पुलिस ने जिला पंचायत सदस्य सजित मुथंबलम, पार्टी नेता साजद समेत 7 कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया है।

वॉट्सएप पोस्ट को लेकर विवाद

पुलिस के मुताबिक, विवाद विधायक के स्टाफ सदस्य पालयम प्रदीप के ब्लॉक पंचायत समिति की बैठक में शामिल होने को लेकर शुरू हुआ। विधायक का कहना है कि प्रदीप उनके पर्सनल असिस्टेंट हैं, जबकि साजद का दावा है कि विधायक के पीए कोई और व्यक्ति हैं।

राम्या ने आरोप लगाया कि बैंक चुनाव के दौरान उनके किसी गुट के सम्मेलन में शामिल नहीं होने के बाद साजद ने वॉट्सएप और सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ टिप्पणियां कीं। पोस्ट को लेकर सवाल करने पर साजद ने उन्हें बातचीत के लिए अपने घर बुलाया।

विधायक बोलीं- धमकी दी गई

राम्या के अनुसार, वह कुछ लोगों के साथ साजद के घर पहुंचीं। वहां सजित समेत कई स्थानीय नेता मौजूद थे। विधायक का आरोप है कि सजित ने उनके साथ आक्रामक व्यवहार किया और धमकी दी कि जिस तरह वह वहां आई हैं, उसी तरह पैदल वापस नहीं जा पाएंगी। उन्होंने इसे अपने खिलाफ साजिश बताते हुए चोट लगने का दावा किया।

साजद ने आरोपों को बताया गलत

साजद ने विधायक के आरोपों को खारिज किया। उनका कहना है कि विधायक, प्रदीप और कुछ अन्य लोग पहले उनकी चिकन शॉप पर पहुंचे और उन्हें जबरन घर ले गए। घर पहुंचने के बाद वॉट्सएप पोस्ट को लेकर बहस बढ़ी और हाथापाई हुई।

साजद का दावा है कि विधायक रिकॉर्डिंग कर रहे व्यक्ति की ओर बढ़ीं, जिसके बाद झड़प हुई। उन्होंने और उनकी पत्नी ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।

2019 में सांसद बनी थीं राम्या

राम्या हरिदास 2019 में अलाथुर लोकसभा सीट से सांसद चुनी गई थीं। 2026 में उन्होंने चिरयिनकीझु (एससी) विधानसभा सीट से जीत दर्ज की।

Related Articles

Back to top button