StateNewsदेश - विदेश

देश के 6 राज्यों में बारिश का अलर्ट: MP में स्कूल बंद, UP-बिहार में बाढ़ से लाखों प्रभावित

दिल्ली। मध्यप्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। मध्यप्रदेश के 19 जिलों में शनिवार को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। ग्वालियर-चंबल संभाग में बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम सक्रिय रहने की संभावना है। शिवपुरी और मुरैना समेत 7 जिलों में एहतियात के तौर पर स्कूल बंद किए गए हैं।

राजस्थान में भी बारिश का दौर जारी है। धौलपुर, करौली और सवाई माधोपुर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है, जबकि 24 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। जयपुर में रातभर हुई बारिश से तापमान में करीब 7 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। झालावाड़ में स्कूल बंद रखे गए हैं। सवाई माधोपुर में बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया है।

UP में 26 जिलों में बाढ़ जैसे हालात

उत्तर प्रदेश में मानसून फिर एक्टिव हो गया है। 22 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है। अगले पांच दिनों तक कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। गंगा-यमुना समेत 10 से ज्यादा नदियां उफान पर हैं। इसके चलते 26 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हैं। करीब 3.53 लाख लोग प्रभावित हैं, जबकि 17,544 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

बिहार में 18 जिलों तक पहुंचा बाढ़ का पानी

बिहार में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर हो रही है। 18 जिलों में 6.65 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित बताए गए हैं। 9 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। पुनपुन नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ा है। पटना में गंगा का जलस्तर हाई फ्लड लेवल पार करने की आशंका जताई गई है।

उत्तराखंड में केदारनाथ यात्रा प्रभावित

उत्तराखंड के 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। केदारनाथ में खराब मौसम को देखते हुए यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है। चमोली में नंदप्रयाग के पास बद्रीनाथ हाईवे बंद हो गया है। हरिद्वार, अल्मोड़ा, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत में स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है।

Related Articles

Back to top button