लोन चुकाने को लेकर महिला का अपहरण: घर बुलाकर बंधक बनाया, कपड़े उतरवाकर VIDEO बनाने का आरोप; 3 गिरफ्तार

11 लाख रुपए चुकाने का बनाया दबाव; डंडे से पीटा, वीडियो वायरल करने की धमकी दी, टॉयलेट जाने के बहाने पुलिस को दी सूचना
बेंगलुरु। कर्ज की रकम और ब्याज चुकाने को लेकर 30 साल की महिला के अपहरण और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला को काम और पैसे दिलाने के बहाने घर बुलाया गया।
इसके बाद उसे बेटे समेत जबरन दूसरे ठिकाने पर ले जाकर कई दिनों तक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान मारपीट करने, कपड़े उतरवाकर वीडियो बनाने और उसे वायरल करने की धमकी देने का भी आरोप है।
मामले में पुलिस ने दो महिलाओं समेत नाजथ, रेशमा बानू और सुहैल को गिरफ्तार किया है। महिला की शिकायत के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
काम के बहाने घर बुलाया, बेटे के साथ ले गए
महिला के मुताबिक, करीब दो साल पहले उसने नाजथ से 50 हजार रुपए साप्ताहिक किस्त पर और रेशमा बानू से 1 लाख रुपए मासिक ब्याज पर उधार लिए थे। आर्थिक परेशानी के कारण वह कुछ सप्ताह से किस्त नहीं चुका पा रही थी।
27 अगस्त को नाजथ ने काम दिलाने और पैसे देने के बहाने उसे मेट्रो लेआउट स्थित घर बुलाया। महिला अपने छोटे बेटे के साथ वहां पहुंची। आरोप है कि कुछ देर बाद रेशमा, उसका पति सुहैल और दो अन्य लोग पहुंचे। उन्होंने महिला से मारपीट की, मोबाइल तोड़ दिया और चाकू दिखाकर धमकाया। इसके बाद दोनों को ऑटो से कुंबलगोडु स्थित एक घर ले जाया गया।
11 लाख रुपए देने का दबाव
शिकायत के अनुसार, महिला को कमरे में बंद कर डंडे से पीटा गया और 11 लाख रुपए चुकाने के लिए धमकाया गया। 29 अगस्त को आरोपियों ने कथित तौर पर उसके कपड़े उतरवाकर मोबाइल से वीडियो बनाया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसे देने का दबाव बनाया गया। महिला ने सुहैल पर देह व्यापार में धकेलने की धमकी देने का भी आरोप लगाया।
वकील के पास ले जाकर कराए साइन
30 अगस्त को महिला को सिटी मार्केट के पास एक वकील के पास ले जाया गया, जहां कुछ दस्तावेजों पर उससे हस्ताक्षर कराने का आरोप है। इसके बाद उसे फिर उसी घर में ले जाकर बंद कर दिया गया।
31 अगस्त को महिला ने टॉयलेट जाने का बहाना बनाया और इसी दौरान पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और उसे सुरक्षित बाहर निकाला।
पुलिस ने अपहरण, बंधक बनाने, मारपीट, धमकी और आईटी एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया है। नाजथ, रेशमा और सुहैल गिरफ्तार हैं, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।





