संसद में कंगना रनोट पर संजय सिंह का हमला: बोले- किसानों और युवाओं पर की गई टिप्पणी गलत, BJP सांसद को समझाएं नड्डा

नई दिल्ली। संसद में गुरुवार को आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भाजपा सांसद कंगना रनोट पर निशाना साधा। हालांकि उन्होंने अपने भाषण में कंगना का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके बयानों से साफ था कि उनका इशारा हिमाचल से भाजपा सांसद की ओर था।
संजय सिंह ने सदन में कहा कि भाजपा की एक सांसद ने किसान आंदोलन के दौरान किसानों के खिलाफ टिप्पणी की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं के आंदोलन को लेकर भी ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया गया, जिसे सदन में दोहराना संभव नहीं है।
उन्होंने कहा, “हमारी बच्चियों के चरित्र के ऊपर सवाल उठाया गया।” इसके बाद उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से अपील करते हुए कहा कि वह अपनी पार्टी की सांसद को समझाएं।
संजय सिंह ने अपने भाषण के दौरान कंगना रनोट को चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर थप्पड़ मारे जाने की घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि केवल पांच उंगलियों के निशान पड़ने तक मामला सीमित था, लेकिन अगर इस तरह की बयानबाजी जारी रही तो युवाओं में नाराजगी बढ़ सकती है।
गौरतलब है कि 6 जून 2024 को चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर CISF की महिला कांस्टेबल कुलविंदर कौर ने कंगना रनोट को थप्पड़ मारा था। यह घटना किसान आंदोलन को लेकर कंगना के पुराने बयान से जुड़ी बताई गई थी।
वहीं, हाल ही में कंगना रनोट ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में युवाओं और महिलाओं को लेकर टिप्पणी की थी। उन्होंने कुछ महिलाओं की सोच को लेकर “जनरेशन गटर” शब्द का इस्तेमाल किया था। इस बयान पर अभिनेता सोनू सूद ने भी प्रतिक्रिया दी थी और कहा था कि युवाओं के प्रति ऐसी भाषा से बचना चाहिए।
संजय सिंह के बयान के बाद संसद में राजनीतिक बहस तेज हो गई है। भाजपा की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।





