जशपुर गर्ल्स कॉलेज में लैब टेक्नीशियन सस्पेंड: छात्राओं की शिकायत के बाद संभाग आयुक्त ने की कार्रवाई, छेड़छाड़ के आरोपों की जांच जारी

जशपुर। जशपुर के शासकीय कन्या विजय भूषण महाविद्यालय में छात्राओं की शिकायत के बाद बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया गया है। कॉलेज में पदस्थ लैब टेक्नीशियन को प्रारंभिक जांच के बाद निलंबित कर दिया गया है। छात्राओं ने लैब टेक्नीशियन पर छेड़छाड़ और बैड टच जैसे गंभीर आरोप लगाए थे।
जानकारी के अनुसार, कॉलेज की दर्जनों छात्राओं ने संबंधित कर्मचारी के खिलाफ शिकायत की थी। शिकायत मिलने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने जांच शुरू कराई। प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर संभाग आयुक्त ने निलंबन आदेश जारी किया है।
निलंबन अवधि के दौरान लैब टेक्नीशियन को नियमानुसार मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। प्रशासन का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच आगे भी जारी रहेगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
छात्राओं की सुरक्षा और कॉलेज परिसर में अनुशासन बनाए रखने को लेकर प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। इस कार्रवाई के बाद कॉलेज प्रबंधन और प्रशासनिक अधिकारियों ने छात्राओं से किसी भी तरह की समस्या होने पर तत्काल शिकायत करने की अपील की है।
फिलहाल मामले में जांच प्रक्रिया जारी है और सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की पुष्टि और आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पढ़े आदेश की कॉपी






