ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

जेल से रिहाई के बाद रवि भगत का ऐलान, बोले- सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी रहेगी लड़ाई

रायगढ़। लैलूंगा ब्लॉक के कूपाकानी शासकीय हाई स्कूल में साइकिल वितरण मामले को लेकर जेल गए भाजयुमो के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत रिहाई के बाद गुरुवार को महात्मा गांधी चौक पहुंचे। यहां उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर सरकारी योजनाओं में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया।

रवि भगत ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह सरकारी नीतियों में गड़बड़ी और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित योजनाओं में मिलने वाली सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। अगर हितग्राहियों को घटिया सामग्री दी जाएगी तो इसका विरोध किया जाएगा।

दरअसल, कुछ दिन पहले लैलूंगा ब्लॉक के कूपाकानी हाई स्कूल में छात्राओं को बांटी जा रही साइकिलों की गुणवत्ता पर रवि भगत ने सवाल उठाए थे। उनका आरोप था कि साइकिल पर ‘हीरो’ लिखा हुआ था, जबकि उस पर ‘कावेरी’ कंपनी का स्टीकर लगा था। उन्होंने साइकिलों की खरीदी से जुड़े बिल और दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग की थी।

विरोध के बाद स्कूल प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने रवि भगत को हिरासत में लिया था, जिसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया था। रिहाई के बाद उन्होंने कहा कि वह क्षेत्र के ग्रामीणों के बीच जाकर अपना आंदोलन आगे बढ़ाएंगे।

उन्होंने बताया कि ग्रामीणों के साथ मिलकर चक्का जाम और जनजागरूकता अभियान चलाने की रणनीति बनाई जा रही है। रवि भगत ने कहा कि योजनाओं का लाभ सही तरीके से और गुणवत्तापूर्ण सामग्री के साथ लोगों तक पहुंचना चाहिए, तभी विकास का लक्ष्य पूरा हो सकेगा।

Related Articles

Back to top button