पाकिस्तान में बैठे 5 आतंकी हैंडलर्स की संपत्तियां जब्त, जम्मू पुलिस ने जांच के बाद की कार्रवाई

जम्मू। जम्मू पुलिस ने पाकिस्तान में बैठे पांच आतंकी हैंडलर्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उनकी संपत्तियां जब्त कर ली हैं। रियासी पुलिस की जांच के दौरान इन आतंकियों से जुड़ी अहम जानकारियां सामने आई थीं, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रियासी जिले के माहौर पुलिस स्टेशन में दर्ज एक एफआईआर की जांच के दौरान पांच ऐसे लोगों की पहचान हुई, जो आतंकी गतिविधियों से जुड़े हुए हैं। जांच में सामने आया कि ये सभी लोग आतंकी प्रशिक्षण लेने के लिए पाकिस्तान चले गए थे और वहीं से आतंकी नेटवर्क को संचालित कर रहे हैं।
जांच एजेंसियों को मिले सबूतों के आधार पर पुलिस ने इन लोगों की संपत्तियों को चिन्हित किया। पुलिस का कहना है कि आतंकी हैंडलर्स अपनी इन संपत्तियों को बेचने की कोशिश कर रहे थे। आशंका है कि संपत्ति बेचकर मिलने वाली रकम का इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने और नेटवर्क की फंडिंग के लिए किया जाना था।
पुलिस ने बताया कि आतंकी नेटवर्क को आर्थिक रूप से कमजोर करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है। सुरक्षा एजेंसियां अब इन आतंकियों से जुड़े अन्य लोगों और उनके वित्तीय नेटवर्क की भी जांच कर रही हैं।
जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए सुरक्षा बल लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि देश विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों और उन्हें मदद पहुंचाने वाले नेटवर्क के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे।





