ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सक्ती को 122 करोड़ की सौगात, 38 विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन

शिवराज सिंह चौहान और CM साय ने जेठा में किया कार्यक्रम; सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े काम शामिल

सक्ती। सक्ती जिले को शनिवार को करीब 122 करोड़ रुपए के 38 विकास कार्यों की सौगात मिली।

ग्राम जेठा में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 121 करोड़ 70 लाख रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।

इनमें करीब 79.25 करोड़ रुपए के 23 कार्यों का भूमिपूजन और 42.46 करोड़ रुपए के 15 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।

37 किमी से ज्यादा सड़कों के काम

भूमिपूजन वाले प्रमुख कार्यों में देवरघटा, बरतुंगा, तुलसीडीह, अण्डा, चरौदा होते हुए सपिया नहरपार तक 22 किमी सड़क का 25.82 करोड़ रुपए की लागत से निर्माण शामिल है।

वहीं छुहीपाली से कटेकोनी बड़े-कर्राखई-ठाकुरपाली होते हुए सेमराडीह तक 12 किमी सड़क के चौड़ीकरण और नवीनीकरण पर 15.30 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसके अलावा अण्डी-किरकार-जगमहन से सातबहिनिया, नगझर-नवापारा और गुरेराडीह-किरारी से केसला मार्ग सहित अन्य सड़कों का भी भूमिपूजन हुआ।

कॉलेज, अस्पताल और महतारी सदन भी

शासकीय कन्या महाविद्यालय सक्ती के नए भवन, बेदराम शासकीय महाविद्यालय मालखरौदा के अतिरिक्त भवन और नवीन लाइवलीहुड संस्थान भवन का भूमिपूजन किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में उप स्वास्थ्य केंद्र और महिलाओं के लिए महतारी सदनों के निर्माण कार्य भी शुरू होंगे।

सड़क, तहसील और थाना भवन जनता को मिले

लोकार्पित कार्यों में मालखरौदा क्षेत्र की 14.35 करोड़ रुपए की सड़क और देवरघटा से ओड़ेकेरा मुख्य मार्ग तक 11.35 करोड़ रुपए की पुल-पुलिया सहित सड़क शामिल है। बुंदेली-अड़भार मार्ग भी जनता को समर्पित किया गया।

इसके साथ जल जीवन मिशन के सोलर ड्यूल पंप, चंद्रपुर और हसौद के नए तहसील कार्यालय, डभरा, चंद्रपुर व जैजैपुर के पुलिस थाना भवन, अड़भार पुलिस चौकी, सुलौनी हाईस्कूल, गोपालपुर प्रशिक्षण भवन और गोबरा महतारी सदन समेत अन्य कार्यों का लोकार्पण हुआ।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button