ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

खनिज माफियाओं पर साय सरकार का शिकंजा: सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 1 पोकलेन और 6 हाईवा जब्त, अवैध उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के ‘जीरो टॉलरेंस’ अभियान का असर अब प्रदेश में साफ दिखाई देने लगा है। अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ सरकार के सख्त रुख के चलते खनिज माफियाओं पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में खनिज विभाग ने दो दिनों के भीतर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पोकलेन मशीन और छह हाईवा वाहनों को जब्त किया है।

कलेक्टर के मार्गदर्शन में संचालित विशेष अभियान के तहत सोमवार को सारंगढ़ तहसील क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान रेत के अवैध परिवहन में लगे दो हाईवा वाहनों को पकड़ा गया। दोनों वाहनों को जब्त कर सारंगढ़ थाने की सुरक्षा में रखा गया है। इसके बाद मंगलवार को फिर से की गई जांच में चूना पत्थर के अवैध परिवहन में संलिप्त दो अन्य हाईवा वाहनों पर भी कार्रवाई की गई और उन्हें थाने के सुपुर्द किया गया।

खनिज विभाग की टीम ने उप तहसील कोसीर के ग्राम पासीद में औचक दबिश भी दी। यहां रेत के अवैध उत्खनन में इस्तेमाल की जा रही एक पोकलेन मशीन को जब्त किया गया। साथ ही अवैध परिवहन में लगे दो और हाईवा वाहनों को भी पकड़कर कोसीर थाने में खड़ा कराया गया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में खनिज कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।

अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत की गई है। विभाग का कहना है कि प्राकृतिक संसाधनों की लूट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशों के अनुरूप प्रदेशभर में अवैध खनन पर निगरानी बढ़ा दी गई है। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button