ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर मुख्यमंत्री साय ने दी श्रद्धांजलि

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में प्रख्यात शिक्षाविद्, स्वतंत्र भारत के प्रथम उद्योग मंत्री और राष्ट्रवादी चिंतक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर देश के प्रति उनके योगदान को स्मरण किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी भारत की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय स्वाभिमान के सशक्त प्रहरी थे। उन्होंने राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए अपना संपूर्ण जीवन देश सेवा के लिए समर्पित किया। उनके विचार, संघर्ष और त्याग भारतीय लोकतंत्र तथा राष्ट्रवादी चिंतन की अमूल्य धरोहर हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने देश की राजनीति को वैचारिक आधार प्रदान किया और राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राष्ट्र की अखंडता, सांस्कृतिक अस्मिता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आज भी करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है।

साय ने कहा कि विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ते समय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्श और सिद्धांत हमें निरंतर मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। उनके विचारों को आत्मसात कर ही राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन देशभक्ति, समर्पण और राष्ट्र प्रथम की भावना का प्रतीक है। नई पीढ़ी को उनके विचारों और योगदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लेना चाहिए।

इस दौरान छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, राम गर्ग सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

Related Articles

Back to top button