ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

कांकेर में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी: आमाटोला जंगल से नक्सलियों का विस्फोटक डंप बरामद, हथियार और वायरलेस सेट जब्त

कांकेर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के आमाटोला जंगल में चलाए गए संयुक्त सर्च अभियान के दौरान नक्सलियों का एक खुफिया डंप बरामद किया गया है।

डंप से हथियार, संचार उपकरण, नक्सली वर्दी और अन्य सामग्री जब्त की गई है। इस कार्रवाई को कांकेर पुलिस, बीएसएफ और बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार सीमावर्ती और संवेदनशील क्षेत्रों में नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को सुरक्षाबलों की टीम आमाटोला के जंगल में सर्चिंग कर रही थी।

अभियान के दौरान जवानों को जंगल में संदिग्ध गतिविधियों के संकेत मिले। गहन तलाशी लेने पर जमीन के भीतर और झाड़ियों में छिपाकर रखा गया नक्सलियों का डंप बरामद हुआ।

बरामद सामग्री में चार भरमार बंदूकें, दो वायरलेस सेट, एक रेडियो, एक नक्सली वर्दी, दो पाउच, एक चार्जर और एक बैटरी शामिल है। इसके अलावा नक्सली साहित्य और दैनिक उपयोग की कई अन्य सामग्री भी जब्त की गई है। सुरक्षा बलों ने सभी सामान को सुरक्षित तरीके से बाहर निकालकर अपने कब्जे में ले लिया।

अधिकारियों का कहना है कि नक्सलियों द्वारा इन सामग्रियों का उपयोग संगठन की गतिविधियों और संचार व्यवस्था के लिए किया जाता था।

डंप मिलने से यह संकेत भी मिला है कि क्षेत्र में नक्सली सक्रियता को बनाए रखने की कोशिश कर रहे थे, जिसे सुरक्षाबलों ने समय रहते विफल कर दिया।

कार्रवाई के बाद सभी जवान सुरक्षित कैंप लौट आए। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि नक्सल प्रभावित इलाकों में संयुक्त सर्च अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

अधिकारियों का कहना है कि नक्सल नेटवर्क को कमजोर करने और क्षेत्र में शांति स्थापित करने के लिए इसी तरह की कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button