StateNewsChhattisgarhछत्तीसगढ़

धर्मांतरण पर साहू समाज की 6 घंटे मैराथन बैठक: भाजपा-कांग्रेस के दिग्गज एक मंच पर, प्रदेशभर में चलेगा जनजागरण अभियान

रायपुर। धर्मांतरण के मुद्दे पर साहू समाज ने प्रदेशव्यापी जनजागरण अभियान चलाने का फैसला किया है। इस संबंध में रविवार को रायपुर के टिकरापारा स्थित साहू समाज भवन में करीब छह घंटे तक मैराथन बैठक हुई। बैठक में समाज के पदाधिकारियों के साथ भाजपा और कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया और समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर व्यापक चर्चा की।

बैठक में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व गृहमंत्री एवं पूर्व सांसद ताम्रध्वज साहू, पूर्व मंत्री एवं पूर्व सांसद चंद्रशेखर साहू, पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू, भाजपा विधायक मोतीलाल साहू, कांग्रेस विधायक संदीप साहू सहित समाज के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। धर्मांतरण की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए समाज को जागरूक करने और सामाजिक एकजुटता को मजबूत बनाने पर सहमति बनी।

साहू समाज के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र साहू ने बताया कि बैठक में निर्णय लिया गया है कि प्रदेशभर में जनसंपर्क और जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए विशेष टीमों का गठन किया जाएगा, जो गांव-गांव और घर-घर जाकर समाज के लोगों से संवाद करेंगी तथा धर्मांतरण जैसे संवेदनशील विषयों पर जागरूकता फैलाएंगी।

बैठक में केवल धर्मांतरण ही नहीं, बल्कि समाज की संगठनात्मक मजबूती, युवाओं की भागीदारी, सामाजिक समरसता और अन्य समसामयिक विषयों पर भी विस्तार से मंथन किया गया। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिला, ब्लॉक और ग्राम स्तर पर समितियों के गठन का भी निर्णय लिया गया।

समाज के पदाधिकारियों का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य किसी विवाद को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि समाज के लोगों को संगठित करना, संवाद स्थापित करना और सामाजिक सरोकारों को मजबूत करना है। जल्द ही प्रदेशभर में चरणबद्ध कार्यक्रमों की घोषणा की जाएगी, जिनके माध्यम से समाज के लोगों तक अभियान का संदेश पहुंचाया जाएगा।

Related Articles

Back to top button