भाजपा महिला मोर्चा की नई जिला प्रभारियों को CM साय की शुभकामनाएं: बोले- राष्ट्रहित की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं, महिला सशक्तिकरण को दें नई मजबूती

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा छत्तीसगढ़ में संगठनात्मक विस्तार की प्रक्रिया के तहत नव-नियुक्त जिला प्रभारी एवं सह-प्रभारियों की घोषणा के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि नई टीम संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ महिला सशक्तिकरण के अभियान को नई दिशा देगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी संदेश में कहा कि भाजपा महिला मोर्चा की सभी नव-नियुक्त जिला प्रभारी एवं सह-प्रभारियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि सभी पदाधिकारी संगठन की सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि महिला सशक्तिकरण भाजपा की प्राथमिकताओं में शामिल है और महिला मोर्चा इस दिशा में संगठन का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नई जिम्मेदारी संभालने वाली पदाधिकारी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने और संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने का कार्य करेंगी।
भाजपा संगठन के अनुसार नई जिला प्रभारी एवं सह-प्रभारियों की नियुक्ति संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पार्टी का लक्ष्य महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने, बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने तथा सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से आमजन, विशेषकर महिलाओं तक पहुंचाना है।
नई नियुक्तियों के बाद महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। पार्टी नेताओं का मानना है कि नई टीम संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के साथ आगामी कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों में भी अहम भूमिका निभाएगी।





