मेडिकल सीटों में छत्तीसगढ़ के बच्चों का हक सुरक्षित, डोमिसाइल पर फर्जीवाड़ा मिला तो होगी कार्रवाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मेडिकल कॉलेजों और MBBS सीटों में बढ़ोतरी का लाभ प्रदेश के पात्र विद्यार्थियों को ही मिले, इसे लेकर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के बच्चों के हितों के साथ किसी भी तरह की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डोमिसाइल को लेकर शिकायत या संदेह सामने आने पर उसकी गंभीरता से जांच कराई जाएगी।
मंत्री ने कहा कि राज्य में मेडिकल प्रवेश की व्यवस्था पारदर्शी और पुख्ता है। जिन अभ्यर्थियों के दस्तावेज सही हैं, उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है। वहीं, नियमों का उल्लंघन या फर्जीवाड़ा सामने आने पर किसी भी स्थिति में कार्रवाई से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि मेडिकल सीटें बढ़ाना सरकार की उपलब्धि है, लेकिन इनका लाभ पात्र विद्यार्थियों तक पहुंचना भी उतना ही जरूरी है।
मूल दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही प्रवेश
NEET UG प्रवेश 2026 की राज्य स्तरीय काउंसलिंग ऑनलाइन माध्यम से निर्धारित नियमों के अनुसार की जा रही है। छत्तीसगढ़ चिकित्सा, दंत चिकित्सा एवं फिजियोथेरेपी स्नातक प्रवेश नियम, 2025 के नियम-7 के तहत पंजीयन, मेरिट, सीट आवंटन और मूल दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा।
सत्यापन के दौरान मूल निवासी प्रमाण-पत्र, श्रेणी संबंधी प्रमाण-पत्र सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच होगी। दस्तावेज सही पाए जाने के बाद ही प्रवेश प्रक्रिया पूरी मानी जाएगी।
गलत जानकारी पर प्रवेश हो सकता है रद्द
नियम-12 के तहत झूठी या गलत जानकारी देकर प्रवेश लेने अथवा जरूरी तथ्य छिपाने पर प्रवेश निरस्त किया जा सकता है। बाद में किसी गलती या अनियमितता का पता चलने पर भी कार्रवाई का प्रावधान है।
काउंसलिंग समिति ने अभ्यर्थियों से अफवाहों से बचने की अपील की है। शिकायत के लिए अधिकृत काउंसलिंग पोर्टल के Candidate Login में उपलब्ध Candidates Grievances and Query Redressal System का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा काउंसलिंग शाखा के ई-मेल पर भी शिकायत भेजी जा सकती है।





