ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ कांग्रेस में 20 बागियों की घर वापसी: सीनियर लीडर बोले अभी कार्यकर्ताओं का नाम;बड़े लीडर्स की लिस्ट जारी होगी जल्द

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में निष्कासित नेताओं की वापसी का सिलसिला शुरू हो गया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अलग-अलग जिलों के 20 निष्कासित नेताओं और कार्यकर्ताओं का निष्कासन रद्द कर दिया है।

प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति की 18 सितंबर को हुई बैठक में लिए गए निर्णय के बाद 20 सितंबर को इसका आदेश जारी किया गया। इसके साथ ही संबंधित नेताओं के लिए पार्टी में दोबारा सक्रिय होने का रास्ता खुल गया है।

पहली सूची में रायपुर, मुंगेली, गरियाबंद, कोंडागांव और राजनांदगांव के नेताओं के नाम हैं। रायपुर से आनंद कुकरेजा, पूनम पांडेय और विशाल रजानी का निष्कासन रद्द किया गया है। वहीं मुंगेली से पार्षद विनय चोपड़ा को भी राहत मिली है।

गरियाबंद से 5, राजनांदगांव से कई नाम

गरियाबंद से गोरेलाल सिन्हा, राधोवा महाड़िक, भविष्य प्रधान, ऋतिक सिन्हा और भानुप्रताप साहू का निष्कासन रद्द किया गया है। कोंडागांव से सुशील सोनी का नाम सूची में है।

राजनांदगांव से सगीर खान, सिद्धार्थ डोंगरे, राजेश गुप्ता, जितेश सिमनकर, सकूर चौहान, सुनीता सिन्हा, आशीष सोनकर और शशांक डोंगरे का निष्कासन रद्द किया गया है। इसके अलावा अंजू बंजारे और श्यामबती सिन्हा के नाम भी आदेश में शामिल हैं।

तत्काल प्रभाव से लागू होगा फैसला

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आदेश में कहा गया है कि अनुशासन समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार संबंधित कांग्रेसजनों का निष्कासन तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाता है। आदेश प्रभारी महामंत्री (संगठन एवं प्रशासन) मलकीत सिंह गैदू की ओर से जारी किया गया है।

पार्टी की ओर से इसे निष्कासित नेताओं की वापसी को लेकर जारी पहली सूची बताया गया है। अलग-अलग मामलों में संगठन से निष्कासित किए गए नेताओं को वापस लेने की प्रक्रिया के तहत यह कार्रवाई की गई है। आदेश जारी होने के बाद संबंधित नेता अब पार्टी संगठन में फिर से सक्रिय हो सकेंगे।

Related Articles

Back to top button