ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

पागल कुत्ते ने 31 लोगों को काटा: 5 मोहल्लों में मचा आतंक, बच्चे-बुजुर्ग भी घायल

सारंगढ़-बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ शहर में पागल कुत्ते के आतंक से लोग दहशत में हैं। पिछले दो दिनों में कुत्ते ने शहर के पांच मोहल्लों में 31 लोगों को काटकर घायल कर दिया। इनमें 22 पुरुष, 4 महिलाएं और 5 बच्चे शामिल हैं। घायलों के हाथ-पैर और जांघ पर गहरे घाव हुए हैं। इनमें 5 लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।

कुत्ते ने गढ़ चौक, कुटेला, देवरपारा, प्रतापगंज और बाजार चौक इलाके में लोगों को अपना शिकार बनाया। सामने आए CCTV फुटेज में कुत्ता अचानक लोगों पर हमला करते हुए दिखाई दे रहा है। कई लोगों को पीछे से दौड़कर काटने की बात सामने आई है।

जिला अस्पताल में इलाज, वैक्सीन और सीरम दिया

कुत्ते के हमले में घायल सभी लोगों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां मरीजों को एंटी रैबीज वैक्सीन और सीरम दिया गया। हमलों के बाद प्रभावित इलाकों में लोगों की आवाजाही कम हो गई है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को लेकर परिवारों में चिंता बनी हुई है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, लोगों ने कुत्ते को पकड़ने की कोशिश की और उसे डंडे लेकर दौड़ाया। बाद में कुत्ते को मार दिए जाने की बात सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

नगर निगम से कार्रवाई की मांग

लगातार हो रहे हमलों के बाद शहरवासियों ने प्रशासन और नगर निगम से आवारा कुत्तों को पकड़ने और प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो दोबारा ऐसी घटना हो सकती है।

बलौदाबाजार में भी 13 लोगों पर हमला

बलौदाबाजार जिले के पलारी में भी शनिवार को पागल कुत्ते ने 13 लोगों को काट लिया। घायलों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हैं। अस्पताल के बीएमओ डॉ. पंकज वर्मा के मुताबिक, सभी घायलों को एंटी रैबीज वैक्सीन और इम्युनोग्लोबुलिन की डोज दी गई।

पशु चिकित्सक डॉ. पुष्पा चंद्राकर के अनुसार, रेबीज से संक्रमित कुत्ते में आक्रामकता बढ़ सकती है। ऐसे कुत्ते से दूरी बनाना और उसे तुरंत अलग करना जरूरी है।

Related Articles

Back to top button