शोपियां एनकाउंटर में 2 लश्कर आतंकियों के मारे जाने की खबर: एक पहलगाम हमले के बाद जारी हिट लिस्ट में था शामिल

शोपियां। जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में शनिवार शाम से शुरू हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के दो आतंकियों के मारे जाने की खबर है। हालांकि, सुरक्षा बलों ने अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मारे गए आतंकियों में जाकिर अहमद गनी और उसका साथी लतीफ भट शामिल हैं। जाकिर का नाम पहलगाम आतंकी हमले के बाद खुफिया एजेंसियों द्वारा जारी 14 मोस्ट वांटेड स्थानीय आतंकियों की सूची में शामिल था।
जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों को शोपियां के सैदपोरा पायीन के पास छानपोरा इलाके में आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने संयुक्त घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।
जवान जैसे ही आतंकियों के ठिकाने के करीब पहुंचे, उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद करीब तीन घंटे तक मुठभेड़ चली। अंधेरा होने पर ऑपरेशन अस्थायी रूप से रोक दिया गया। अभी तक दोनों आतंकियों के शव बरामद नहीं किए गए हैं।
ऑपरेशन के दौरान सेना की विशेष आतंकवाद-रोधी इकाई विक्टर फोर्स ने इलाके की कमान संभाली। सुरक्षा कारणों से आसपास के चार गांवों को खाली कराया गया और आतंकियों के भागने के सभी संभावित रास्तों पर अतिरिक्त जवान तैनात किए गए।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुलगाम निवासी जाकिर अहमद गनी 2024 से लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा था और कई आतंकी घटनाओं में उसका नाम सामने आया था। वहीं, लतीफ भट पिछले वर्ष संगठन में शामिल हुआ था।
यदि जाकिर की मौत की आधिकारिक पुष्टि होती है, तो पहलगाम हमले के बाद जारी 14 स्थानीय आतंकियों की सूची में शामिल नौवां आतंकी होगा, जिसे सुरक्षाबलों ने ढेर किया है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां बाकी आतंकियों की तलाश में लगातार अभियान चला रही हैं।



