छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश: रायपुर में आधे घंटे में 30 मिमी पानी, कई इलाकों में जलभराव; अगले 2 दिन भारी बारिश का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। शनिवार रात राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। रायपुर में महज आधे घंटे में 30 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। टाटीबंध, कोटा, रोहिणीपुरम, मंडी गेट और बीजेपी कार्यालय के आसपास की सड़कों पर पानी भर गया, जबकि टाटीबंध क्षेत्र के कई घरों में बारिश का पानी घुस गया।
बारिश के कारण शहर के कई अंडरब्रिज और निचले इलाकों में आवागमन प्रभावित रहा। अनुपम गार्डन और जीई रोड समेत कई स्थानों पर सड़कें पानी में डूब गईं। दुर्ग, राजनांदगांव और जगदलपुर में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। अगले दो दिनों तक मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, दुर्ग, बेमेतरा और कबीरधाम सहित कई जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, गरज-चमक और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, जशपुर, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर समेत कई जिलों में भी तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। लोगों को खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक 140 मिमी बारिश बाड़े बचेली में दर्ज की गई। वहीं ओरछा और चांपा में 70-70 मिमी तथा कोंटा, कुटारू, भैरमगढ़ और थानखम्हरिया में 60-60 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। मौसम विभाग ने नागरिकों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।



