StateNewsChhattisgarhछत्तीसगढ़

रामलला दर्शन योजना: सरगुजा के 850 श्रद्धालु भारत गौरव ट्रेन से अयोध्या-काशी रवाना, मुफ्त यात्रा से पूरा होगा वर्षों पुराना सपना

रायपुर/अंबिकापुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित रामलला दर्शन योजना के तहत गुरुवार को सरगुजा संभाग के 850 श्रद्धालु भारत गौरव ट्रेन से अयोध्या धाम और काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए रवाना हुए।

अंबिकापुर रेलवे स्टेशन पर सुबह से ही श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। श्रद्धालु “जय श्रीराम”, “हर-हर महादेव” और “जय सियाराम” के जयघोष के साथ स्टेशन पहुंचे। परिजनों ने तिलक लगाकर और पुष्पवर्षा कर यात्रियों को शुभकामनाओं के साथ विदा किया।

भारत गौरव ट्रेन को जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरविंदर सिंह टिनी, जिला पंचायत अध्यक्ष नीरूपा सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल, जिला प्रशासन और आईआरसीटीसी के अधिकारियों ने यात्रियों का स्वागत कर सफल यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

रामलला दर्शन योजना के तहत श्रद्धालुओं को श्री अयोध्या धाम में भगवान रामलला और काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन कराए जाएंगे।

पूरी यात्रा के दौरान रेल सफर, आवास, शुद्ध शाकाहारी भोजन, पेयजल, स्थानीय परिवहन, चिकित्सा सहायता और सुरक्षा की निःशुल्क व्यवस्था की गई है। वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि किसी भी श्रद्धालु की आर्थिक स्थिति उसकी आस्था के मार्ग में बाधा नहीं बननी चाहिए। इसी सोच के साथ राज्य सरकार हजारों लोगों को निःशुल्क धार्मिक यात्रा का अवसर उपलब्ध करा रही है।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि यह योजना केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का अभियान है।

यात्रा पर रवाना हुए कई बुजुर्ग श्रद्धालुओं ने भावुक होकर कहा कि आर्थिक कारणों से वे जीवनभर अयोध्या और काशी नहीं जा सके थे, लेकिन इस योजना ने उनका वर्षों पुराना सपना पूरा कर दिया।

श्रद्धालुओं ने राज्य सरकार का आभार जताते हुए इसे आम लोगों के लिए बेहद सराहनीय पहल बताया।

Related Articles

Back to top button