StateNewsदेश - विदेश

देशभर में बारिश का कहर: उत्तराखंड में 6 नदियां उफान पर, 132 सड़कें बंद; दिल्ली, यूपी समेत कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात

दिल्ली। देश के कई राज्यों में मानसून ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, बिहार और तमिलनाडु समेत कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई नदियां खतरे के निशान के करीब या उससे ऊपर बह रही हैं, जबकि जगह-जगह जलभराव, भूस्खलन और सड़कें बंद होने की घटनाएं सामने आई हैं।

उत्तराखंड में लगातार बारिश के कारण अलकनंदा, मंदाकिनी, भागीरथी समेत छह नदियां खतरे के स्तर पर बह रही हैं। हरिद्वार और ऋषिकेश के कई घाट तथा मंदिर जलमग्न हो गए हैं। देहरादून, चमोली और बागेश्वर में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। राज्य में 132 सड़कें बंद हैं, जबकि बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग भी भूस्खलन के कारण बाधित हैं।

उत्तर प्रदेश में भी बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। फर्रुखाबाद में गंगा नदी खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है। 33 गांवों और 40 सरकारी स्कूलों में बाढ़ का पानी घुस गया है। बलिया में सरयू नदी के कटाव से पिछले एक सप्ताह में 27 मकान नदी में समा चुके हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश और 18 जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को हुई तेज बारिश से कई इलाकों में जलभराव और लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी यातायात प्रभावित रहा। द्वारका सेक्टर-25 में तेज बहाव के दौरान एक युवक खुले नाले में बह गया, जिसकी तलाश के लिए सात घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।

वहीं, राजस्थान, बिहार, पुडुचेरी और तमिलनाडु में भी भारी बारिश का असर देखने को मिला। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक देश के 20 से अधिक राज्यों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। विशेषज्ञों के अनुसार सक्रिय मानसून प्रणाली के चलते कई राज्यों में आगामी दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button