रायपुर के ब्लैक स्पॉट होंगे सुरक्षित, सुधार कार्यों में तेजी के निर्देश

रायपुर। माननीय उच्च न्यायालय बिलासपुर के आदेश के अनुपालन में रायपुर जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉटों पर किए जा रहे सुधारात्मक कार्यों की समीक्षा की गई। मंत्रालय महानदी भवन में परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश की अध्यक्षता में हुई बैठक में टाटीबंध, भाठागांव, बेमता-भुइंया, सिलतरा ओवरब्रिज-निको गेट और पारागांव-निसदा मोड़ समेत अन्य दुर्घटना संभावित स्थानों की स्थिति पर चर्चा हुई। अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को तय समय-सीमा में आवश्यक कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सचिव ने सभी संबंधित विभागों को चिन्हित ब्लैक स्पॉट की वर्तमान स्थिति का परीक्षण कर जरूरी सुधार सुनिश्चित करने कहा। सड़कों पर किए गए अनधिकृत अतिक्रमण और अवैध ढाबों को हटाने की कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। शराब दुकानों के आसपास यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुगम बनाने के साथ जरूरत के अनुसार पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और संकेतक बोर्ड लगाने को कहा गया।
अधिकारियों को डिवाइडर की अनधिकृत कटिंग रोकने, ओवरस्पीडिंग और गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। ब्लैक स्पॉट के आसपास अवैध पार्किंग पर रोक लगाने और आवश्यकता के अनुसार गति नियंत्रण के उपाय लागू करने पर भी जोर दिया गया।
सड़क सुरक्षा को लेकर आम लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए नियमित जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। जरूरत के अनुसार सड़क चौड़ीकरण और अन्य तकनीकी सुधार भी समय पर पूरे करने को कहा गया।
परिवहन सचिव ने सभी संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों को सुधार कार्यों की पूर्व और वर्तमान स्थिति का अनुपालन प्रतिवेदन निर्धारित समय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। रिपोर्ट के साथ कार्यों से संबंधित फोटोग्राफ भी अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने को कहा गया।
बैठक में संयुक्त परिवहन आयुक्त एवं अंतर्विभागीय लीड एजेंसी (सड़क सुरक्षा) वाई. अक्षय कुमार, उप परिवहन आयुक्त मनोज कुमार ध्रुव समेत लोक निर्माण, नगरीय प्रशासन, आबकारी, परिवहन और यातायात विभाग के अधिकारी तथा एनएचएआई और राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।





