StateNewsदेश - विदेश

देशभर में बारिश का कहर, उत्तराखंड में हाईवे बंद तो छत्तीसगढ़ में पुल टूटा; कई राज्यों में बाढ़ का अलर्ट

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून का असर लगातार देखने को मिल रहा है।

भारी बारिश के कारण पहाड़ी राज्यों से लेकर मैदानी इलाकों तक हालात बिगड़ गए हैं। उत्तराखंड के उत्तरकाशी में लैंडस्लाइड के चलते यमुनोत्री नेशनल हाईवे कई जगहों पर बंद हो गया है।

इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं रुद्रप्रयाग में लगातार बारिश के कारण कई क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है।

छत्तीसगढ़ में भी बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बिलासपुर-रतनपुर-पेंड्रा मार्ग पर लगातार बारिश के कारण एक पुल दो हिस्सों में टूट गया।

हादसे के दौरान पुल से गुजर रही एक यात्री बस बीच में फंस गई। हालांकि समय रहते स्थिति को संभाल लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।

उत्तर प्रदेश में भी नदियां उफान पर हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही भारी बारिश के कारण गंगा, घाघरा और शारदा समेत 10 प्रमुख नदियों का जलस्तर बढ़ गया है।

बिजनौर जिले में गंगा का पानी छह गांवों तक पहुंच गया है। कई इलाकों में जलभराव के कारण लोगों को आवागमन के लिए नावों का सहारा लेना पड़ रहा है।

बिहार और झारखंड में बारिश के साथ बिजली गिरने की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। रविवार को दोनों राज्यों में अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने से 10 लोगों की मौत हो गई। वहीं बिहार के बेगूसराय में तेज बारिश के बाद सड़कों पर करीब तीन फीट तक पानी भर गया।

मौसम विभाग ने कई राज्यों में आने वाले दिनों में भारी बारिश की संभावना जताई है। उत्तराखंड के कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट है, जबकि बिहार के 25 जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की गई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button