ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

स्मार्ट मीटर पर फैली भ्रांतियों को आंकड़ों ने किया खारिज,रायपुर में जुलाई में 31.91% घटी बिजली खपत

रायपुर। रायपुर सिटी रीजन में जून और जुलाई 2026 के बिजली उपभोग के आधिकारिक आंकड़ों ने स्मार्ट मीटर को लेकर फैल रही कई भ्रांतियों पर विराम लगा दिया है।

ऊर्जा विभाग के विश्लेषण के अनुसार जुलाई माह में बिजली की कुल खपत में 31.91 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। जून में जहां कुल खपत 131.27 मिलियन यूनिट (एमयू) थी, वहीं जुलाई में यह घटकर 89.38 मिलियन यूनिट रह गई।

आंकड़ों के अनुसार अधिक बिजली उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं की संख्या और उनकी खपत दोनों में उल्लेखनीय गिरावट आई है।

600 यूनिट से अधिक बिजली उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं की संख्या में 64.23 प्रतिशत और उनकी बिजली खपत में 38.13 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।

वहीं 401 से 600 यूनिट श्रेणी में उपभोक्ताओं की संख्या 33.99 प्रतिशत तथा बिजली खपत 32.58 प्रतिशत घटी है।

विश्लेषण में यह भी सामने आया कि राज्य सरकार की हाफ बिजली बिल योजना का सकारात्मक असर उपभोक्ताओं के बिजली उपयोग पर दिखाई दे रहा है।

जून में 400 यूनिट तक बिजली उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं की संख्या 1.96 लाख थी, जो जुलाई में बढ़कर 2.56 लाख हो गई। दूसरी ओर, 400 यूनिट से अधिक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं की संख्या 1.20 लाख से घटकर 60,921 रह गई, यानी लगभग आधी हो गई।

ऊर्जा विभाग के अधिकारियों के अनुसार बिजली खपत में आई कमी के पीछे केवल एक कारण नहीं, बल्कि कई कारक जिम्मेदार हैं।

गर्मी का मौसम समाप्त होने से एयर कंडीशनर और कूलर का उपयोग कम हुआ, ऊर्जा संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ी और अधिक से अधिक उपभोक्ताओं ने अपनी खपत 400 यूनिट के भीतर रखने का प्रयास किया, ताकि उन्हें हाफ बिजली बिल योजना का लाभ मिल सके।

विभाग का कहना है कि उपलब्ध आधिकारिक आंकड़े स्पष्ट रूप से बताते हैं कि बिजली उपयोग में आया यह बदलाव मौसमी परिस्थितियों, ऊर्जा संरक्षण और सरकारी योजनाओं का परिणाम है। इन तथ्यों के आधार पर स्मार्ट मीटर को लेकर फैलाई जा रही विभिन्न भ्रांतियों की पुष्टि नहीं होती।

Related Articles

Back to top button