ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

डोंगरिया में हजारों युवाओं ने ली नशामुक्ति की शपथ: PM मोदी बोले- विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं नशामुक्त युवा

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” संकल्प अभियान का राष्ट्रीय शुभारंभ करते हुए युवाओं से नशे से दूर रहकर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इसी क्रम में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के डोंगरिया स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहां हजारों युवाओं ने नशामुक्त भारत बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत नई दिल्ली से प्रधानमंत्री के संबोधन के लाइव प्रसारण के साथ हुई। प्रधानमंत्री ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार, समाज और राष्ट्र की शक्ति को कमजोर करता है।

उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता को राष्ट्र निर्माण में लगाने तथा अभिभावकों से बच्चों को नशे से दूर रखने की अपील की। उन्होंने बताया कि इस अभियान से देशभर के एक करोड़ से अधिक युवा जुड़ रहे हैं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक एवं मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रणव कुमार मरपची ने उपस्थित युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब युवा नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर शिक्षा, कौशल, नवाचार और राष्ट्र सेवा को अपना लक्ष्य बनाएंगे। उन्होंने युवाओं से अपने परिवार और समाज को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह, कलेक्टर विजय दयाराम के., वनमंडलाधिकारी ग्रीष्मी चांद, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, एनएसएस, एनसीसी, माय भारत स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

इस अवसर पर एकलव्य विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत और देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम के अंत में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत विधायक, कलेक्टर और अधिकारियों ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। आयोजन ने युवाओं में राष्ट्र निर्माण, सामाजिक जागरूकता और नशामुक्त जीवन का मजबूत संदेश दिया।

Related Articles

Back to top button